
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर मध्य प्रदेश में संगठन शक्ति का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। 17 जिलों में कार्यालयों का भूमिपूजन हुआ और भोपाल में बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
भोपाल से वर्चुअल भूमिपूजन, नेताओं की मौजूदगी
भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन हुआ। इस कार्यक्रम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वर्चुअली जुड़कर 17 जिलों में कार्यालयों के भूमिपूजन की शुरुआत कराई।
सीएम का बड़ा बयान: “दुश्मनों को घर में घुसकर मारते हैं”
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और नेतृत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत अब उन देशों में शामिल हो गया है जो दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब देते हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को “धुरंधर समय” बताते हुए कहा कि मजबूत नेतृत्व ही देश की समस्याओं का समाधान देता है।
“भाजपा विचारधारा अमर”, फीनिक्स से तुलना
मुख्यमंत्री ने भाजपा की विचारधारा की तुलना फीनिक्स पक्षी से करते हुए कहा कि पार्टी हर चुनौती के बाद और मजबूत होकर उभरी है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में गठबंधन सरकार की सफलता को याद करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
52 जिलों में कार्यालय बनाने का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि फिलहाल 17 जिलों में कार्यालय निर्माण शुरू किया गया है। लक्ष्य है कि अगले स्थापना दिवस तक प्रदेश के सभी 52 जिलों में भाजपा के अपने कार्यालय हों—जहां लाइब्रेरी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सुविधाएं भी होंगी।
दिवंगत नेताओं के परिजनों का सम्मान
सम्मेलन में दिवंगत नेताओं और कार्यकर्ताओं के परिजनों को सम्मानित किया गया। पूर्व विधायक रमेश शर्मा के परिवार को सम्मान देने के लिए मुख्यमंत्री खुद मंच से नीचे उतरकर पहुंचे—जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक बना दिया।
7 से 12 अप्रैल: गांव-बस्ती चलो अभियान
स्थापना दिवस के अगले दिन से भाजपा बड़ा जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी। 7 से 12 अप्रैल तक चलने वाले ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ में सांसद, विधायक और सभी वरिष्ठ नेता गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

