
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया आज से रफ्तार पकड़ने जा रही है। बिहार के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन सोमवार को दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाली इस प्रक्रिया में देशभर के बड़े नेता मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि मध्य प्रदेश से मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत करीब 20 दिग्गज बीजेपी नेता इस ऐतिहासिक मौके के साक्षी बनेंगे।
दिल्ली में होगा शक्ति प्रदर्शन
बीजेपी मुख्यालय में होने वाले नामांकन कार्यक्रम को पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। मध्य प्रदेश से 5 केंद्रीय मंत्री, 4 सांसद, 5 वरिष्ठ संगठन नेता और मोहन सरकार के 5 कैबिनेट मंत्री इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र खटीक, दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।
मोहन कैबिनेट के दिग्गज भी होंगे शामिल
मध्य प्रदेश सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल के साथ कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और राकेश सिंह कार्यक्रम में भाग लेंगे। सांसदों में फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सुमित्रा वाल्मीकि और कविता पाटीदार की उपस्थिति भी तय मानी जा रही है। इससे साफ है कि एमपी संगठन इस चुनाव में पूरी मजबूती के साथ खड़ा नजर आएगा।
कौन हैं नितिन नबीन?
नितिन नबीन बिहार की राजनीति का जाना–पहचाना नाम हैं। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार चार बार विधायक चुने गए हैं और फिलहाल नीतीश कुमार सरकार में मंत्री हैं। संगठनात्मक अनुभव के मामले में भी उनका कद बड़ा है। वे भारतीय जनता युवा मोर्चा बिहार के अध्यक्ष और भाजयुमो के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रभारी रहते हुए 2024 लोकसभा चुनाव में पार्टी को 11 में से 10 सीटें दिलाने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

