
भोपाल में मंगलवार को बीजेपी दफ्तर में अचानक एक बड़ा सियासी मूवमेंट देखने को मिला। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की फायरब्रांड लीडर उमा भारती प्रदेश कार्यालय पहुंचीं और पार्टी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से बंद कमरे में लंबी मुलाकात की। इस मुलाकात को संगठन, सरकार और समाज को जोड़ने वाले मिशन माना जा रहा है, खासकर गाय संरक्षण और गौ संवर्धन को लेकर।
‘मैं अपने भाई से मिलने आई हूं’ – उमा भारती
बीजेपी कार्यालय पहुंचीं उमा भारती ने मीडिया से कहा, “मुझे बीजेपी कार्यालय आकर अच्छा लगता है। मैं अपने भाई और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात करने आई हूं। मैं चाहती हूं कि गाय के संरक्षण, संवर्धन के लिए समन्वय बने। कुछ दिन पहले गौ संवर्धन को लेकर विराट सभा हुई थी, जिसमें बड़ी संख्या में किसान इकट्ठा हुए थे। कल मोहन जी से बात हुई, आज हेमंत जी से मिलने कार्यालय आई हूं।” उन्होंने आगे कहा, “संगठन, सरकार और समाज मिलकर काम करेगा तो गौ संवर्धन का विकास होगा। किसानों ने जो मांगे पारित की थीं, वह मैंने हेमंत खंडेलवाल को बताई हैं।”
संगठन और सरकार में एक सोच, अमल जल्द शुरू होगा: हेमंत खंडेलवाल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी इस मुलाकात को अहम बताया। उन्होंने कहा, “उमा भारती ने गाय को लेकर कई सुझाव दिए हैं। संगठन प्रमुख होने के नाते मुझे सुझाव दिए हैं। उनकी सभी बातों से सरकार और संगठन सहमत है। कुछ बातों पर काम भी चल रहा है। कल मुख्यमंत्री को भी सुझाव दिए थे। सरकार उनके सुझावों पर अमल करेगी। गोपालन को बढ़ावा देने के लिए सरकार अग्रसर है।”
क्या MP में बनने जा रही है गाय संरक्षण की नई नीति?
इस मुलाकात के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि सरकार गाय संरक्षण, गौशालाओं के विस्तार, गौ आधारित अर्थव्यवस्था और किसानों को इससे जोड़ने के लिए एक नई व्यापक नीति ला सकती है। हाल ही में हुई विराट सभा और किसानों की भागीदारी के बाद इस मुद्दे ने और भी रफ्तार पकड़ ली है।
बैठक के संकेत:
✔ गौ संरक्षण पर बड़े निर्णय की तैयारी
✔ किसानों को गौ आधारित अर्थव्यवस्था से जोड़ने पर चर्चा
✔ संगठन, सरकार और समाज की संयुक्त भूमिका पर जोर
✔ मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी दिए गए सुझाव
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

