
भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, मध्यप्रदेश प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि भाजपा सत्ता को महज सत्ता के रूप में नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम के तौर पर देखती है। उन्होंने मीडिया को बताया कि पार्टी के प्रदेश कार्यालय में दो दिनों तक संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल व प्रदेश नेतृत्व के साथ संगठन को और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश पदाधिकारियों, विभागों एवं मोर्चों के प्रभारियों तथा मोर्चा अध्यक्षों के साथ भी संवाद हुआ। ऐसी बैठकों का दौर राजनीति में वैसे ही चलता रहता है, जैसे इंसानों में मीटिंग के बाद एक और मीटिंग चलती रहती है।
प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें और जनता ने जो दायित्व दिया है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। देब के मुताबिक, सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन और उनके निरंतर फॉलोअप पर भी संगठन को ध्यान देना होगा।
भाजपा में मतभेद नहीं, लोकतांत्रिक संवाद और सामूहिक निर्णय की परंपरा
भाजपा के प्रदेश प्रभारी ने संगठन में मतभेद के सवाल पर कहा कि भाजपा में मतभेद नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संवाद और सामूहिक निर्णय की परंपरा है। उनके अनुसार संगठन में बड़े और छोटे का नहीं, बल्कि अनुभव, जिम्मेदारी और समर्पण का महत्व है। उन्होंने शालीनता, अनुशासन और संवाद को भाजपा की कार्यसंस्कृति की पहचान बताया।
कांग्रेस के शासनकाल का हिसाब भी जनता के सामने रखें राहुल गांधी
राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर देब ने कहा कि उनका स्वागत है, लेकिन उन्हें आदिवासी समाज के बीच जाकर यह भी बताना चाहिए कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में आदिवासी क्षेत्रों के विकास और वहां की समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल भाजपा से सवाल न करें, बल्कि कांग्रेस के शासनकाल का हिसाब भी जनता के सामने रखें।
भाजपा दिखावे की राजनीति के बजाय निरंतर जनसेवा में करती है विश्वास
भाजपा के प्रदेश प्रभारी ने देब ने कहा कि भाजपा दिखावे की राजनीति के बजाय निरंतर जनसेवा में विश्वास करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर समय जनता के बीच रहता है और बालाघाट में भी जनता यह देख रही है कि कौन राजनीतिक दौरे कर रहा है और कौन लगातार जनता के बीच रहकर सेवा तथा विकास के लिए काम कर रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

