
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सीधी, सिंगरौली और डिंडोरी में पदस्थ बॉन्डेड डॉक्टर्स को ग्रामीण क्षेत्रों में संवेदनशीलता, समर्पण और सेवाभाव के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराकर ग्रामीणों का विश्वास जीतें। सेवा भाव और मधुर व्यवहार से मरीजों का आधा कष्ट दूर हो जाता है।
शनिवार को भोपाल निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चिकित्सकों से संवाद करते हुए उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान, राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन और एनीमिया मुक्त भारत सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत प्रसवपूर्व जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की समय पर पहचान कर उन्हें उचित चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के प्रति व्यापक जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके तहत प्रत्येक माह की 9 और 25 तारीख को गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क जांच की सुविधा मिलती है।
टेलीमेडिसिन से गांवों तक पहुंचेगी विशेषज्ञ सेवाएं
उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य जांच के हब एंड स्पोक मॉडल को प्रभावी बनाने तथा टेलीमेडिसिन और ई-संजीवनी का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा सकता है। साथ ही उच्च रक्तचाप, मधुमेह और मुख एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग बढ़ाने तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर की सेवाओं को सक्रिय बनाने के निर्देश दिए।
तीन जिलों में 91 नए डॉक्टर पदस्थ
संवाद के दौरान बताया गया कि सीधी में 16, सिंगरौली में 54 और डिंडोरी में 21 नए बॉन्डेड डॉक्टर्स की पदस्थापना की गई है। चिकित्सकों ने बताया कि उनकी नियुक्ति के बाद ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सिंगरौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गन्नई में प्रतिदिन 25 से 30 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। वहीं अन्य केंद्रों पर भी स्थानीय नागरिकों का स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसा बढ़ा है।
स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, आवश्यक स्टाफ और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से बॉन्डेड डॉक्टर्स को बेहतर कार्य वातावरण और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही सुमन पंचायत कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायतों को प्रेरित करने तथा सुरक्षित मातृत्व और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

