
भोपाल। अगर आप भोपाल की सड़कों पर गाड़ी लेकर निकल रहे हैं, तो अब जरा संभल जाइए। कहीं ऐसा न हो कि चौराहे पर ट्रैफिक जवान आपको रोक लें और चालान थमा दें। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और रेड लाइट जंप जैसे मामलों पर अब सख्ती शुरू हो चुकी है। प्रशासन ने सड़क हादसों पर लगाम कसने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
460 ट्रैफिक जवान सड़कों पर तैनात
भोपाल में विशेष ट्रैफिक अभियान के तहत 460 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को मैदान में उतारा गया है। शहर के 16 प्रमुख पॉइंट पर तेज रफ्तार वाहनों की धरपकड़ की गई। मंगलवार को हुई कार्रवाई में नियम तोड़ने वालों से 1 लाख 35 हजार रुपए के चालान वसूले गए।
समीक्षा के बाद शुरू हुई सख्ती
पिछले एक महीने में बढ़े सड़क हादसों और व्यस्त चौराहों पर लगने वाले जाम को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया। दिनभर चली कार्रवाई में 2 हजार से अधिक वाहनों के चालान काटे गए, जिनसे करीब 60 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
नए और पुराने शहर में चेकिंग
ट्रैफिक पुलिस की टीमें एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, चेतक ब्रिज, रोशनपुरा, न्यू मार्केट, लालघाटी, कोलार, करोंद, मिसरोद और अयोध्या बायपास जैसे इलाकों में सक्रिय रहीं। इस दौरान: बिना हेलमेट दोपहिया, सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले, उल्टी दिशा में चलने वाले, ब्लैक फिल्म वाली गाड़ियां और तेज रफ्तार वाहन पर कार्रवाई की गई।
सड़क हादसों में कमी लाना लक्ष्य
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात बसंत कौल ने कहा, “शहर में सड़क हादसों को कम करना हमारी प्राथमिकता है। हेलमेट और सीट बेल्ट आपकी सुरक्षा के लिए हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर और सख्ती की जाएगी।”
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

