
भोपाल में आयोजित BRICS सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 के दूसरे दिन गुरुवार को सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग को आगे बढ़ाने वाले अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। दिनभर होने वाली बैठकों में संस्कृति मंत्रियों के घोषणा पत्र के मसौदे और भविष्य की साझा प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
शाम को रवींद्र भवन में BRICS सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित होगा, जबकि कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में लगी तीन विशेष प्रदर्शनियां आम लोगों के लिए भी खुली रहेंगी।
संस्कृति मंत्रियों के एजेंडे में कई अहम विषय
गुरुवार को होने वाली मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए कार्य समूह की सिफारिशों को आधार बनाया जाएगा। चर्चा के प्रमुख विषयों में शामिल हैं—
सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण
संग्रहालयों के क्षेत्र में सहयोग
सांस्कृतिक और रचनात्मक उद्योग
सांस्कृतिक आदान-प्रदान
क्षमता निर्माण
BRICS देशों के बीच लोगों से लोगों का संपर्क मजबूत करना
शाम को होगा BRICS सांस्कृतिक महोत्सव
सम्मेलन के तहत रवींद्र भवन में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक महोत्सव में BRICS सदस्य और भागीदार देशों के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इस आयोजन का उद्देश्य सदस्य देशों की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत करना है।
तीन विशेष प्रदर्शनियां जनता के लिए खुली
कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) परिसर में तीन विषयों पर विशेष प्रदर्शनियां लगाई गई हैं—
ज्ञान भारतम
प्रोजेक्ट मौसम
प्रोजेक्ट बृहत्तर भारत
इन प्रदर्शनियों में भारत की पांडुलिपि विरासत, समुद्री सांस्कृतिक संबंधों और विभिन्न सभ्यताओं के ऐतिहासिक जुड़ाव को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़ी भारत की पहलों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
मेहमानों के लिए परोसे जा रहे प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन
सम्मेलन में आए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए दोपहर और रात्रि भोजन में मध्य प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों को विशेष स्थान दिया गया है। मेन्यू में शामिल हैं—
दाल बाफले
निमोना
रिकमच
गुइया की सब्जी
चंबल का थोपा
चंदिया
बड़ा
मिलेट्स आधारित कोदो और कुटकी के व्यंजन
अंतरराष्ट्रीय अतिथियों की पसंद को ध्यान में रखते हुए वेस्टर्न और ओरिएंटल व्यंजनों की भी अलग श्रृंखला उपलब्ध कराई जा रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

