
भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अब प्रशासन का सख्त एक्शन शुरू होने जा रहा है। सालों से बिना अनुमति पनप रहीं इन बस्तियों पर आज से बुलडोजर चलाने की तैयारी है। हुजूर तहसील ने तहसीलदार आलोक पारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर ली है और टीएल बैठक के बाद कार्रवाई का अभियान तेज होगा। सबसे पहले ईंटखेड़ी और कृषि भूमि पर विकसित अवैध कॉलोनियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
113 अवैध कॉलोनियां चिन्हित, 12 पर केस दर्ज
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार भोपाल जिले के 31 गांवों में कुल 113 अवैध कॉलोनियां चिन्हित की गई हैं। इनके कॉलोनाइजर्स की नामजद सूची भी तैयार कर ली गई है। प्रशासन पहले ही 12 अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा चुका है। अब नई कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों पर फिर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।
कुछ इलाकों में कार्रवाई सुस्त, कलेक्टर नाराज
हुजूर और बैरसिया तहसील में एफआईआर दर्ज कराने का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन कोलार, गोविंदपुरा, एमपी नगर और बैरागढ़ सर्किल में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अपेक्षित सख्ती नहीं दिख रही। इस लापरवाही पर कलेक्टर पहले ही नाराजगी जता चुके हैं। सवाल उठ रहा है कि बाकी क्षेत्रों के अधिकारी आखिर किस आदेश का इंतजार कर रहे हैं।
प्रशासन की अपील– यहां निवेश न करें
जिला प्रशासन और जिला पंचायत की संयुक्त सर्वे रिपोर्ट में हुजूर क्षेत्र की करीब सवा सौ ऐसी कॉलोनियां सामने आई हैं, जहां बिना किसी वैधानिक अनुमति के निर्माण कर लिया गया। प्रशासन ने साफ कहा है कि लोग इन अवैध कॉलोनियों में किसी भी तरह का निवेश न करें। जिन लोगों ने पहले से पैसा लगाया है, उन्हें सुनवाई का मौका दिया जाएगा, लेकिन अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर सरकार के निर्देश अनुसार बुलडोजर कार्रवाई तय है।
90% कॉलोनियां किसानों की जमीन पर कटीं
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि करीब 90 प्रतिशत अवैध कॉलोनियां कृषि भूमि पर विकसित की गई हैं। हुजूर, कोलार, बैरसिया और गोविंदपुरा क्षेत्रों में भूमाफियाओं ने पिछले एक साल में बड़े पैमाने पर बिना ले–आउट और अनुमति के प्लॉट काट दिए। न सड़क, न पानी, न वैध नक्शा—फिर भी लोगों को सपने दिखाकर जमीनें बेची गईं।
क्या होगा आगे?
प्रशासन का कहना है कि चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाए जाएंगे। बिजली–पानी कनेक्शन काटने के साथ अवैध निर्माण तोड़े जाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी दबाव में कार्रवाई नहीं रुकेगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

