
भोपाल। सागर निवासी उदीयमान बुंदेली गायक सुनील लोधी ने गुरुवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनके निवास में मुलाकात की। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली भाषा में गीत गाया है, जो तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुनील लोधी की प्रतिभा और उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रेष्ठ कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी और उनके माता-पिता का सम्मान भी किया। उन्होंने घोषणा की कि दृष्टिबाधित युवा गायक को राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपए की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी। साथ ही उनकी आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सुनील लोधी की बचपन से ही गायन में रुचि रही है। इसे देखते हुए उन्हें संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत शिक्षा का पाठ्यक्रम पूरा करने में भी सहयोग दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ऐसे प्रतिभाशाली कलाकारों को तलाशकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री को सुनाया लोकप्रिय बुंदेली गीत
मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय गीत “मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई” की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर गाया जाने वाला भजन “जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई” भी सुनाया। इस अवसर पर सुनील लोधी के पिता महेन्द्र सिंह लोधी, माता भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

