
भोपाल। छिंदवाड़ा से लौट रही एक बस में बैठे ग्रामीणों को क्या पता था कि उनका सफर इतना दर्दनाक हो जाएगा। गुरुवार शाम नागपुर रोड पर एक तेज रफ्तार पिकअप से भिड़ंत ने पल भर में खुशियों को चीखों में बदल दिया। इस भयानक हादसे में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
शाम करीब 6:30 बजे छिंदवाड़ा-नागपुर हाईवे पर सिमरिया के पास यह हादसा हुआ। बस में सवार करीब 51 ग्रामीण मुख्यमंत्री की सभा में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही लहसुन से भरी पिकअप से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अंदर बैठे कई लोग फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
हादसे में इनकी गई जान?
इस दर्दनाक दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हुई, जिनमें बस और पिकअप दोनों के चालक भी शामिल हैं। मृतकों में पुरुष, महिलाएं और एक मासूम बच्चा भी शामिल है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है।
घायलों की हालत और इलाज
इस हादसे में 41 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को नागपुर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज छिंदवाड़ा के अस्पतालों में जारी है। प्रशासन ने इलाज में कोई कमी न रहे इसके लिए विशेष इंतजाम किए हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सरकार का ऐलान: मुआवजा और फ्री इलाज
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, वहीं सभी घायलों का मुफ्त इलाज किया जाएगा। जबलपुर से डॉक्टरों की टीम भेजी गई है, भोपाल में कंट्रोल रूम बनाकर इसकी निगरानी रखी जा रही है।
रात में ही अस्पताल पहुंचे मंत्री
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी मंत्री राकेश सिंह देर रात अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया। साथ ही डॉक्टरों की टीम भी उनके साथ मौजूद रही।
क्यों बढ़ रहे हैं ऐसे हादसे?
मध्यप्रदेश में हाईवे पर तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग अक्सर बड़े हादसों की वजह बनती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

