
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन में अलग ही रंग में दिखे। कोठी रोड पर आयोजित राहगीरी आनंद उत्सव का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने बैलगाड़ी की सवारी की, भजन गाया, ड्रम और शंख भी बजाया। उन्होंने अपने लाठी चलाने के कौशल का भी प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग इसे अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उज्जैन उमंग, उत्साह, जोश और आनंद की नगरी बन गया है। हर क्षण यहां मेले, उत्सव, त्यौहार मनाए जाते हैं। उज्जैन उत्सवों की राजधानी बन गया है। कार्यक्रम के दौरान लगभग 70 से अधिक संस्थाओ ने मुख्यमंत्री का स्वागत अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने राहगीरी कार्यक्रम के समापन पर किसानों को शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष-2028 में उज्जैन में सिहंस्थ का आयोजन किया जाएगा। यह पूरे उत्साह, उमंग और भारतीय संस्कृति विरासत को दुनिया को दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। भारतीय सनातन परंपरा को विश्व पटल पर नई पहचान के साथ उल्लेखित करने के प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राहगीरी-2026 कार्यक्रम हमने किसानों को समर्पित किया है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किसानों के हितों के संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चट्टान की तरह खड़े हैं, और उसमें अपनी सहभागिता निभाने के लिए भी हम सभी किसान भाइयों के साथ लगातार प्रयास कर रहे हैं। आज किसानों का सम्मान कर हम आनंदित हैं हमारी मातृभूमि के सच्चे सपूतों के रूप में किसान भाई हमारे देश की उन्नति में अपनी सहभागिता कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक मंच पर 'गोविंद बोलो-हरि गोपाल बोलो' भजन भी सुनाया। कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया
कुश्ती महासंघ के मंच पर पहुंचकर गदा लहराई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोठी रोड पर सम्राट विक्रमादित्य विश्व विद्यालय के मंच पर छोटी-छोटी बालिकाओं की ओर से भारत माता की आरती की प्रस्तुति की सराहना करते हुए बच्चों के बीच भगवा ध्वज लहराया। मंच पर मुख्यमंत्री ने ड्रम बजाकर नागरिक का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कुश्ती महासंघ के मंच पर पहुंचकर गदा लहराई। इस दौरान पहलवानी करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने बैलगाड़ी की सवारी करते हुए लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
101 किलो फूलों से बनी माला से प्रेस क्लब अध्यक्ष ने किया स्वागत
कोठी रोड पर स्थित सोसायटी फॉर प्रेस क्लब के मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदलाल यादव ने 101 किलो फूलों से बनी माला से किया। इस दौरान प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकार व प्रेस क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रेस क्लब की ओर से केसरिया दूध और जलेबी का निशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम में उनकी रही उपस्थिति
जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, नगर निगम सभापति कलावती यादव, महापौर मुकेश टटवाल, संजय अग्रवाल और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

