
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दिव्यांग अभिषेक सोनी की क्रिकेट देखने की इच्छा पूरी कराई। इंदौर में खेले जा रहे भारत और न्यूजीलैंड के वनडे क्रिकेट मैच देखने के लिए टिकट उपलब्ध करवाने के साथ स्टेडियम में विशेष व्यवस्था करवाई। अपनी इच्छा पूरी होने पर अभिषेक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर क्रिकेट मैच देखते अभिषेक सोनी का चित्र जारी किया और हर्ष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिषेक की कामना पूरी होने और उसका हंसमुख चेहरा देख कर उन्हें अभूतपूर्व आनंद का अनुभव हो रहा है। क्रिकेट मैच देखने के शौकीन अभिषेक ने एक वीडियो जारी कर उनसे इंदौर में क्रिकेट मैच देखने की व्यवस्था करने का आग्रह किया था। यह वीडियो देर रात देखने को मिला था, जिसके तुरंत बाद अभिषेक के लिए क्रिकेट मैच की टिकट और स्टेडियम में विशेष व्यवस्था करवा दी गई। अभिषेक ने स्टेडियम में बैठकर क्रिकेट मैच का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री से दिव्यांग अभिषेक ने किया था यह आग्रह
अभिषेक सोनी ने वीडियो जारी कर कहा था कि 'मुख्यमंत्री जी, मेरा नाम अभिषेक सोनी है। मैं ग्रामीण क्षेत्र में रहता हूं। मुझे किकेट देखने का बहुत शौक हैं। अब तक मैंने टीवी पर ही मैच देखा है। मेरी इच्छा है कि मैं स्टेडियम ग्राउंड में भारत का लाइव मैच देख सकूं। किसी कारणवश टिकट नहीं हो पा रही है। आपसे निवेदन है कि मेरी टिकट करवा दीजिए।' मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभिषेक की भावना का सम्मान करते हुए क्रिकेट मैच इंदौर में देखने की व्यवस्था करवाई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

