
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन जिले के खाचरौद को सांदीपनि विद्यालय और नवीन कृषि उपज मंडी की सौगात दी। 78.61 करोड़ रुपए की लागत वाले पूर्ण और प्रस्तावित 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें 48.51 करोड़ रुपये की लागत के 16 कार्यों का लोकार्पण व 30.10 करोड़ रुपये की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इन विकास कार्यों से खाचरौद के विकास को एक नई दिशा मिलेगी। यह विकास कार्य खाचरौद के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के 'समग्र विकास' के संकल्प के साथ काम कर रही है। मध्यप्रदेश अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी वर्ग या व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। विकास की बात पर हम सबका सहयोग लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास की बयार है। विकास की यह गति अब और तेज होगी। आप सबके सेवक के रूप में वे खुद चौबीसों घंटे सातों दिन प्राण-प्रण से सेवा में जुटे हुए हैं। सबका कल्याण ही हमारा लक्ष्य है। नागरिकों की समृद्धि और खुशहाली ही हमारा पारितोषिक है।
सांदीपनि विद्यालय आधुनिक शिक्षण सुविधाओं का प्रतीक बनेगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खाचरौद में 35 करोड़ 40 लाख की लागत से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन, 11 करोड़ 30 लाख की लागत से नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण सहित अन्य कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खाचरौद का सांदीपनि विद्यालय आधुनिक शिक्षण सुविधाओं का प्रतीक बनेगा और विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध करायेगा। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय प्रदेश में शिक्षा के पवित्र मंदिर के रूप में विकसित किए जा रहे हैं। यह हमारे बच्चों के बेहतर और सुनहरे भविष्य की नई इबारत लिखेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खाचरौद के नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण में किसानों की सुविधा के लिए कृषक विश्राम भवन, भोजनालय, पानी की टंकी एवं प्याऊ भी बनाए गए हैं।
संयुक्त तहसील कार्यालय के नवीन भवन का किया भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने खाचरौद में 9.10 करोड़ रुपये लागत से बनने वाले संयुक्त तहसील कार्यालय के नवीन भवन, 5.25 करोड़ लागत से बनने वाले जनपद पंचायत भवन और 6.91 करोड़ रुपए की लागत से स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम-2.0) सहित अन्य प्रस्तावित कार्यों का भूमिपूजन किया। राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से संचालित खाचरौद के माध्यमिक विद्यालय में 11 स्मार्ट क्लासेस का लोकार्पण भी इस मौके पर किया।
खाचरौद में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क
मुख्यमंत्री ने खाचरौद में फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाने और खिलाड़ियों के लिए नया स्टेडियम बनाने की घोषणा की। साथ ही खाचरौद से रतलाम को डायरेक्ट फोर लेन से जोड़े जाने की बात कही। जिससे खाचरौद को भी इन्दौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन एरिया की सीधी पहुंच मिल सके।
खाचरौद को भी महानगरीय क्षेत्र के दायरे में लाने की आवश्यकता: डॉ. तेजबहादुर
खाचरौद विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में फसलों को हुए नुकसान के लिए उज्जैन जिले के किसानों को 265 करोड़ रुपए मुआवजा राशि वितरित की जा चुकी है। किसानों को सोयाबीन विक्रय में भावांतर योजना का फायदा मिल रहा है। जिले में लगभग 1000 करोड़ लागत की दो सिंचाई परियोजनाओं से नागदा-खाचरौद क्षेत्र के 58 गांवों की 18 हजार एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन एरिया में नागदा तो शामिल है, लेकिन अब खाचरौद को भी महानगरीय क्षेत्र के दायरे में लाने की आवश्यकता है। उन्होंने खाचरौद में कृषि महाविद्यालय व कृषि मंडी के लिए अतिरिक्त भूमि की मांग रखी।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ महाराज, विधायक सतीश मालवीय, विधायक जितेंद्र पंड्या, नगर परिषद अध्यक्ष संतोष ओपी गहलोत सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक और स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

