
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मंडला जिले के टटारी में स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री ने टटारी हेलीपेड जाते समय एक निजी पब्लिक स्कूल में अपना काफिला रुकवाया। वहां प्रार्थना सभा में शामिल विद्यार्थियों से मिले।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अचानक अपने बीच पाकर विद्यार्थी और उनके शिक्षक प्रसन्न हुए। स्कूल में उस समय बच्चों की रुटीन असेम्बली चल रही थी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से स्नेहपूर्वक बातचीत की, उनके नाम पूछे और यह भी जाना कि वे किस कक्षा में पढ़ते हैं और उनकी पढ़ाई कैसी चल रही है? विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रश्नों के जवाब बड़े उत्साह से दिए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को दुलारते हुए खूब मन लगाकर पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के साथ उनका संवाद सहज, आत्मीय और अपनत्व से भरा रहा। मुख्यमंत्री की इस अप्रत्याशित उपस्थिति से विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

