बुधवार, 29 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजनगर में 510 करोड़ के 29 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण, लाड़ली बहना योजना की 31वीं किस्त जारी की

09 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm dr mohan yadav

Cm dr mohan yadav

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को छतरपुर के राजनगर में 510 करोड़ के 29 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। साथ ही लाड़ली बहना योजना की 31वीं किस्त जारी की। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड हीरों और महावीरों की धरती है। यह मंदिरों की नगरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराज छत्रसाल के कार्य काल में बुंदेलखंड की महाविजय होती थी। उन्होंने महाराजा छत्रसाल के शौर्य को नमन किया और कहा कि बुंदेलखंड के गौरव महाराज छत्रसाल की प्रतिमा और सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का खजुराहो में अनावरण किया गया है। सम्मेलन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक छतरपुर ललिता यादव, विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, विधायक राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


बहनों के आशीर्वाद से राज्य सरकार निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को 1857 करोड़ रुपए राशि अंतरित की गई है। इनमें छतरपुर की 3 लाख 24 हजार से अधिक लाड़ली बहनें शामिल हैं। हितग्राहियों बहनों को उनके बैंक खातों में 31वीं किस्त के रूप में 1500 रुपए की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में अब तक 46 हजार 500 करोड़ की राशि बहनों के खातों में अंतरित की जा चुकी है। बहनें अपने परिवार के संचालन में भी सहयोग कर रही हैं। बहनों के आशीर्वाद से राज्य सरकार निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बहनों को पक्के मकान और उज्जवला गैस कनेक्शन भी दिए जा रहे हैं।

 

खजुराहो में बनाया जाएगा बड़ा कन्वेंशन सेंटर और फाइव स्टार होटल 

मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के विकास के लिए 270 करोड़ लागत के 9 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 240 करोड़ लागत के 20 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 2 सांदीपनि विद्यालय और स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खजुराहो में बड़ा कन्वेंशन सेंटर और फाइव स्टार होटल बनाया जाएगा। राजनगर में राजगढ़ पैलेस की सौगत मिल रही है। इससे पर्यटन क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। बुंदेलखंड के दमोह, छतरपुर, पन्ना और कटनी में 4 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जायेंगे। केन-बेतवा लिंक परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 2 नेशनल हाइवे को जोड़ने वाले फोर लाइन सड़क की सौगात दमोह-सागर को मिलने जा रही है।

 

सागर में विकसित किया जाएगा नया इंडस्ट्रियल पार्क 

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि सागर में नया इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जाएगा। इससे 30 हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजनगर में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया।

 

राज्य सरकार जो कहती है, करके दिखाती है: वीडी शर्मा

खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुंदेलखंड के चहुंमुखी विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। राज्य सरकार जो कहती है करके दिखाती है। सरकार ने लाड़ली बहनों के खातों में प्रतिमाह 3000 रुपए भेजने का संकल्प लिया था, जिसे धीरे-धीरे पूरा करने की ओर आगे बढ़ रहे हैं। राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया ने कहा कि बुंदेलखंड में 'डेस्टिनेशन कैबिनेट' कर मुख्यमंत्री ने अनुपम सौगात दी है। पिछले 2 वर्षों में खजुराहो में विकास से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। आज सूखे और पिछड़े बुंदेलखंड को विकास की नई पहचान मिल रही है।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें