
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस पर शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में योग और प्राणायाम किया। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार की यौगिक क्रियाएं हमारे संपूर्ण जीवन का निचोड़ है। यह केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि हमारे जीवन को सामान्यता से उत्कृष्टता की ओर लेकर जाने का बड़ा माध्यम है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम रोजाना सूर्य नमस्कार में समाहित 12 योग क्रियाओं के जरिए ही अपने शरीर को निरोगी बनाकर सुखी रह सकते हैं। राष्ट्रीय युवा दिवस पर राज्य स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद जी ने अपने विचारों से राष्ट्र के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। वे एक महान चिंतक थे और केवल शरीर से बल्कि कर्म से भी युवा थे। उन्होंने कहा कि योग हमारी भारतीय परंपरा का हिस्सा है।
योग सदियों से हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग सदियों से हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। सूर्य नारायण संपूर्ण सृष्टि को प्रकाश देकर ऊर्जा का संचार करते हैं। भारतीय संस्कृति के सभी पर्व एवं त्योहारों की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ होती है, जो सूर्य नारायण की आराधना का प्रतीक है। सूर्य नारायण के प्रकाश से ही जीवन की सार्थकता सिद्ध होती है और शरीर ऊर्जा से सराबोर होता है।
नशे की लत और जंक फूड से हमेशा के लिए दूरी बनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वाध्याय भी ज्ञान अर्जन का एक सशक्त माध्यम है। सभी को स्वाध्याय करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नशे की लत और जंक फूड से हमेशा के लिए दूरी बनाएं। जंक फूड शरीर को विकृति की ओर ले जाते हैं। इन्हें कम से कम खाएं। पेड़ लगाएं। प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा शारीरिक व्यायाम के लिए अवश्य निकालें। अपना कोई एक पसंदीदा खेल जरूर खेलें। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील रहें। अपने व्यक्तित्व के साथ चरित्र का भी निर्माण करें।
इनकी रही मौजूदगी
राज्यस्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, रविंद्र यति, सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. संजय गोयल, आयुक्त लोक शिक्षण शिल्पा गुप्ता, संचालक लोक शिक्षण डीएस कुशवाहा सहित शिक्षक और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित थे।
स्वामी जी के बताए मार्गों और आदर्शों पर चलें, इसी में सबका कल्याण निहित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पालिटेक्निक चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि स्वामी विवेकानंद अद्भुत व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान देने का काम किया। वे विज्ञान में स्नातक थे, परंतु अपने गुरू के प्रभाव में आने के बाद उन्होंने श्रीरामकृष्ण मिशन के जरिए समाज में जनचेतना जागृत करने का बीड़ा उठाया। विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि हम सब स्वामी जी के बताए मार्गों और आदर्शों पर चलें, इसी में सबका कल्याण निहित है। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी हितानंद शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर मालती राय, श्याम टेलर, अजय पाटीदार सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

