रविवार, 12 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर मैं किया पौधरोपण, कहा- वृक्ष हमारे जीवन का आधार भी, वसुधा का श्रृंगार भी

12 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर मैं किया पौधरोपण, कहा- वृक्ष हमारे जीवन का आधार भी, वसुधा का श्रृंगार भी
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर जिले के ग्राम बुढ़ानिया स्थित बीएसएफ परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार और वसुधा का श्रृंगार भी हैं। वृक्ष ऋषि मुनियों के समान एक ही स्थान पर रहकर साधना करते हैं। यह हमारी नकारात्मक ऊर्जा को खुद ग्रहण कर हमें सकारात्मक ऊर्जा देने वाले उदार साधक होते हैं।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारे लिए प्रकृति ही परमेश्वर के स्वरूप है। यह हमें जीवन देती है, हमारा उदर-पोषण करती है। इसलिए हम सबको प्रकृतिपूजक बनकर इसकी वंदना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बंजर भूमि को हरियाली की चादर ओढ़ाना प्रकृति माता को हरी चुनरी ओढ़ाने जैसा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर चलाया जा रहा है 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान कोई शासकीय कार्यक्रम नहीं, ये जीवन के लिए सांसों का स्थायी प्रबंध करने का अभियान है। जल, जंगल, जमीन और जानवर जिनसे हमारा पारिस्थितिकीय-तंत्र तैयार होता है, यह अभियान इनकी सुरक्षा का मिशन है।


मुख्यमंत्री ने अपनी मां याद में लगाया संतरे का पौधा 

मुख्यमंत्री ने अपनी मां लीला बाई यादव की स्मृति में संतरे का फलदार पौधा लगाया। उन्होंने इंदौर में 21 लाख पौधारोपण और 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयों की स्थापना (निर्माण) कार्य के महाभियान का दीप प्रज्ज्‍वलन कर शुभारंभ किया। उन्होंने पौधरोपण व जल संचयन में सरकार और समाज की सहयोगी सामाजिक संस्था पृथ्वी को प्रोत्साहन स्वरूप 2 लाख रुपए और प्रदेश में चलाए गए नक्सल उन्मूलन अभियान में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले बीएसएफ के दो जवानों को मंच से सम्मानित कर 2-2 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।


अब पर्यावरण संरक्षण की दिशा तय कर रहा इंदौर: हेमंत खंडेलवाल 

वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि इंदौर प्रदेश की आर्थिक राजधानी होने के साथ अब पर्यावरण संरक्षण की दिशा तय कर रहा है। 'एक पेड़ - मां के नाम' के तहत 21 लाख पौधे लगाने के संकल्प का महाभियान नि:संदेह बेहद सराहनीय है।


हमारा मध्यप्रदेश प्रकृति पुत्र है: कैलाश विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि धरती माता ने हमें जल, जंगल, जैव संपदा और खनिजों का अमूल्य आर्शीवाद दिया है। हमारा मध्यप्रदेश प्रकृति पुत्र है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के लिए पूरा इंदौर जुट गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर यह अभियान एक जन आंदोलन बन चुका है।


इंदौर में जल संवर्धन को हमने जन क्रांति का रूप दे दिया: पुष्यमित्र भार्गव

इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हम राज्य सरकार के जल गंगा संवर्धन अभियान को और गति दे रहे हैं। हम 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयां बनाने के लक्ष्य की दिशा में अब तक 8 हजार 500 जल इकाइयां बना चुके हैं। इंदौर में जल संवर्धन को हमने जन क्रांति का रूप दे दिया है।


कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी: पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, वरिष्ठ समाजसेवी अजय जामवाल, वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, पूर्व मंत्री एवं विधायक महेन्द्र हार्डिया, विधायक मधु वर्मा, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नीना सतीश मालवीय, श्रवण चावड़ा, विशाल पटेल, सुमित मिश्रा, विधायक आकाश विजयवर्गीय सहित बीएसएफ के आईजी सिंधु उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें