रविवार, 12 अप्रैल 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में जारी किए 1836 करोड़ रुपए, बोले- प्रदेश में हर माह मनाया जा रहा रक्षाबंधन

12 अप्रैल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में जारी किए 1836 करोड़ रुपए, बोले- प्रदेश में हर माह मनाया जा रहा रक्षाबंधन
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आष्टा से प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपए जारी किए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में मातृ सत्ता की व्यवस्था है। अब प्रदेश में हर माह रक्षाबंधन मनाया जा रहा है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बेटियों और बहनों के विकास के बिना समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। स्वतंत्रता के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार नारी सशक्तिकरण का बड़ा कार्य इसी माह होने जा रहा है। अब लोकसभा और विधानसभा में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए संसद की विशेष तीन दिवसीय बैठक 16 अप्रैल से होने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हमारी सरकार अब तक लाड़ली बहन योजना के तहत 55 हजार करोड़ से अधिक राशि दे चुकी है। 


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आष्टा की छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की। इसमें कन्या महाविद्यालय और कन्या विद्यालय में छात्रावास के साथ कन्या विद्यालय के भवन निर्माण की घोषणा शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटियों को अच्छे से अच्छी शिक्षण सुविधाएं प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीहोर जिले के आष्टा में आज त्रिवेणी संगम है। आष्टा मां पार्वती नदी की उद्गम स्थली है। यहां के सांदीपनि विद्यालयों में 90 प्रतिशत बच्चे प्राइवेट स्कूल छोड़कर आए हैं। राज्य सरकार विद्यार्थियों को 4 लाख साइकिलें वितरित कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूल टॉपर बच्चों को स्कूटी दी जा रही है।


 मुख्यमंत्री की ओर से कही गई महत्वपूर्ण बातें

. प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष मनाने का निर्णय लिया। 

. प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदियां हैं। अकेले सीहोर में 1 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों की दीदियां हैं। प्रदेश के 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों की 65 लाख से अधिक बहनें सशक्त हुई हैं।

. राज्य सरकार मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत विवाह के लिए 55 हजार रुपए की राशि दे रही है।


184 करोड़ की लागत के विकास व निर्माण कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी किया

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने 184 करोड़ की लागत के विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इनमें आष्टा एवं जावर में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं में पात्र लोगों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने आष्टा में नवीन आईटीआई की स्थापना, महाविद्यालय में कन्या छात्रावास निर्माण, नाला निर्माण, जावर में शहरी सौंदर्यीकरण, जिला स्तरीय अनुसूचित बालक-बालिका छात्रावास निर्माण और आष्टा में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नवीन भवन निर्माण, जावर महाविद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करने, गुराड़िया खुर्द बैराज निर्माण, दूधी नदी पर नय बैराज, नहर निर्माण, गीता भवन बनाने की घोषणा की।


मुख्यमंत्री के रोड-शो में उमड़ी भीड़, जगह-जगह स्वागत 

आष्टा नगर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत के लिए भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री ने नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। करीब दो किलोमीटर लंबे रोड-शो के दौरान जगह-जगह नागरिकों द्वारा लगातार पुष्प वर्षा की गई। फूल मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया तथा पगड़ी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से आईं 35 से अधिक धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, व्यापारिक एवं अन्य संस्थाओं ने भी सहभागिता कर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। संस्थाओं द्वारा बाबा महाकाल, भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं राजा भोज के चित्र भेंट कर अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया गया।


मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को किया नमन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आष्टा में रोड-शो के दौरान अंबेडकर धर्मशाला पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने श्रद्धा सुमन अर्पित कर संविधान निर्माण में बाबा साहब के अमूल्य योगदान का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से बाबा साहब के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आहवान किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।


प्रधानमंत्री मोदी देश की बहनों को राजनीतिक रूप से सशक्त कर रहे: महेंद्र सिंह सोलंकी

सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहनों से किया वादा पूरा करते हुए लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपए की, यह राशि आगे बढ़ती जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी देश की बहनों को राजनीतिक रूप से सशक्त कर रहे हैं। बहनों को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने के लिए इसी माह 16 अप्रैल से लोकसभा का सत्र आयोजित किया जाएगा। विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेतृत्व में आष्टा को लगातार सौगातें मिल रही हैं। यहां दो नवीन सांदीपनि विद्यालय, एसडीएम कार्यालय, महाविद्यालय छात्रावास, 54 सामुदायिक भवन और अनेक सड़कों का लोकार्पण हुआ है। महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, विधायक सुदेश राय, विधायक उमाकांत भार्गव सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें