रविवार, 09 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- अगले सीजन से खेती के लिए हो रही दिन में 10 घंटे बिजली की व्यवस्था

09 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- अगले सीजन से खेती के लिए हो रही दिन में 10 घंटे बिजली की व्यवस्था
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से रविवार को अपने निवास कार्यालय से वर्चुअली जुड़े। उन्होंने कहा कि किसान पूरी लगन और मेहनत से खेती करें, अगले सीजन से खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली की व्यवस्था की जा रही है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में कृषकों के कल्याण के लिए 16 विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। सरकार का उद्देश्य खेती की आमदनी को दोगुना करने के साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के माध्यम से कृषकों के लिए सहायक आय की व्यवस्था करना है। प्रदेश में सांची ब्रांड के आधार पर दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से 20 प्रतिशत ले जाने का लक्ष्य है। राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गौतम टेटवाल भी उपस्थित थे।


अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने राजगढ़ को कई सौगातें दी है। हाइवे के साथ अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही है। मोहनपुरा कुंडालिया डैम से जिले में सिंचाई सुविधा का विस्तार हुआ है। आने वाले समय में चंबल-कालीसिंध-पार्वती लिंक परियोजना से जिले को और भी लाभ मिलेगा। सिंचाई सुविधा के विस्तार और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध हो रहे अवसरों से राजगढ़ जिले की छवि को बदलने में भी मदद मिलेगी। 


प्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं एमएसपी पर खरीदा गया है। हमारी सरकार ने प्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया है। किसानों को सोयाबीन के लिए भावांतर की सुविधा उपलब्ध करवाई गई, किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दी जाने वाली राशि सीधे किसान के खाते में आ रही हैं। लाड़ली बहनों को भी राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन कल्याणकारी गतिविधियों के लिए बधाई के पात्र है।


योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचने पर दिया जोर 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश में किसानों के मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही लाड़ली बहना योजना की राशि, बहनों के खातों में जारी होने वाली हैं। 


लापरवाही या काम नहीं करने वालों के खिलाफ की जाएगी कठोर कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने बताया कि अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक शुक्रवार को दौरा कर जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जनता के बीच जाकर कार्य करें, शुक्रवार को कोई बैठक नहीं होगी। लापरवाही या काम नहीं करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और बेहतर कार्य करने वालों को सरकार प्रोत्साहित करेगी। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, हलधर जयंती आदि त्यौहारों की बधाई और मंगलकामनाएं दीं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें