गुरुवार, 30 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- किसान कल्याण का जो संकल्प राज्य सरकार ने लिया है, उसे पूरा करने के लिए लगातार सक्रिय

30 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- किसान कल्याण का जो संकल्प राज्य सरकार ने लिया है, उसे पूरा करने के लिए लगातार सक्रिय
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर में गुरुवार को आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को उज्जैन से वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण का जो संकल्प राज्य सरकार ने लिया है, उसकी पूर्ति के लिए हम निरंतर सक्रिय हैं। किसानों की हर समस्या का समाधान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर में मई और जून में मौसम की मार ने केले की फसल को बहुत नुकसान पहुंचाया। बुरहानपुर नगर, बुरहानपुर ग्रामीण, नेपानगर और खकनार तहसीलों के 188 गांवों के 8 हजार 115 किसानों की केले की फसल प्रभावित हुई है। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार कंधे से कंधा मिलाकर किसानों के साथ खड़ी है। आज प्राकृतिक आपदा से प्रभावित जिले के 8 हजार से अधिक किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक की राहत राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की जा रही है। यह राशि मुश्किल समय में किसानों को संबल देगी। जब तक किसानों के चेहरों पर दोबारा मुस्कान नहीं आ जाती, राज्य सरकार चैन से बैठने वाली नहीं है। 


मुख्यमंत्री ने केले की पैदावर में हुए नुकसान के लिए किसानों के खातों में सिंगल क्लिक से मुआवजा राशि अंतरित की। बुरहानपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री व विधायक अर्चना चिटनिस की उपस्थिति रही। वीसी में अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को रक्षाबंधन पर बुरहानपुर से केले के रेशे से बनी राखी भेजी जाएगी।


पवित्र श्रावण मास की बधाई और शुभकामनाएं दीं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को श्रावण मास की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि श्रावण मास में प्रदेश में जहां-जहां से कांवड़ यात्रा निकलने वाली हैं, वहां कांवड़ियों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। 


किसानों को मिलेगा धार के पीएम मित्र पार्क का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर के किसानों को धार के पीएम मित्र पार्क का भी लाभ मिलेगा। बुरहानपुर अब केवल कच्चे माल ही नहीं, बल्कि प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन, एक्सपोर्ट का भी बड़ा हब बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। जिले में सिंचाई के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है। बुरहानपुर में सिंचाई का रकबा बढ़ा है, हर खेत तक पानी पहुंचाना हमारा संकल्प है।


केंद्र और प्रदेश सरकार के बीच एमओयू आज 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर को टेलीकॉम सेक्टर के मैन्यूफैक्चरिंग जोन के रूप में स्थापित करने के लिए आज नई दिल्ली में भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के बीच एमओयू साइन किया जाएगा। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार दिलवाने और किसानों को उपज का सही मूल्य दिलवाने के लिए संकल्पित है। 


कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 

बुरहानपुर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर माधुरी अतुल पटेल, जिलाध्यक्ष मनोज माने, जनपद पंचायत अध्यक्ष बुरहानपुर सोनाली प्रदीप पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।




पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें