
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। पैदल भ्रमण नुकसान की स्थिति देखी। प्राचीन मुखारविन्द के पास बनाए गए आश्रय स्थल (राहत शिविर) पहुंचकर सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री का वितरण किया और यह आश्वासन दिया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके के साथ है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मंदाकिनी नदी में आए बाढ़ का पानी घरो में घुसने से काफी नुकसान हुआ है। इसके अलावा चित्रकूट की अधोसंरचनाओं को भी क्षति पहुंची है। उन्होंने सभी प्रभावितों से कहा कि सरकार और प्रशासन आपदा की घड़ी में पीड़ितों के साथ है। सभी प्रभावितों को उनके हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। चित्रकूट में जन जीवन सामान्य होने तक सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यहीं रुककर प्रभावितों को राहत पहुंचाने का काम करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आश्रय स्थल पर बांदा के बबेरू से आए श्रद्धालु राजू सिंह से बात की। राजू ने बताया कि वे 20 लोगों के साथ कामतानाथ स्वामी के दर्शन करने आए थे। बाढ़ का पानी होने से वे सब अपने घर वापस नहीं लौट पाए। उन्होंने बताया कि इस आश्रय स्थल पर प्रशासन की ओर से उन सभी के लिए भोजन, पानी, नाश्ते की समुचित व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को वस्त्र, घरेलू सामग्री और खाद्यान्न आदि राहत सहायता सामग्री भी वितरित की।
इस अवसर पर चित्रकूट के विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, नगर परिषद की अध्यक्षा साधना पटेल, प्रबल श्रीवास्तव, कमिश्नर रीवा संभाग शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं जिलाधिकारी उपस्थित थे।
कीचड़ से सने रास्तों में पैदल चलकर प्रभावितों के घरों तक पहुंचे
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट नगर के रामधाम मोहल्ले में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने कीचड़ से सने मार्ग में पैदल चलकर प्रभावितों के घरों तक पहुंचकर जल भराव से हुए नुकसान को देखा। रामफल गर्ग और किस्मत कुमार गर्ग के घर पहुंचकर जलभराव से हुए नुकसान की जानकारी प्राप्त की और प्रभावित परिवारों से चर्चा कर उन्हें आश्वासन दिया।
दुकानदार कामता प्रसाद गुप्ता के नुकसान की जानकारी प्राप्त की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना से चित्रकूट मार्ग पर सियाराम कुटीर स्थित माधव धर्मशाला के समीप अग्रहरि किराना स्टोर पहुंचकर दुकानदार कामता प्रसाद गुप्ता से मुलाकात की। उनकी दुकान में पानी भरने से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ है। सभी प्रभावितों को नियमानुसार हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

