
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को जबलपुर में सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोशिएशन के शताब्दी वर्ष के समापन कार्यक्रम में कहा कि सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी ने 100 गौरवशाली वर्षों की स्मृतियों को सहेजने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। सिटी बंगाली क्लब में स्वयं नेताजी सुभाष चंद्र बोस का आना इस क्षेत्र के लिए गौरवशाली क्षण रहा। सिटी बंगाली क्लब ने बालिका शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस एसोसिएशन ने बंगाली समाज और जबलपुर की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षण प्रदान किया है। राज्य सरकार, स्कूल और उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए सदैव क्लब के साथ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक समृद्धि में बंगाली समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंकिमचंद्र चटर्जी ने वंदे मातरम् की रचना कर देशवासियों को एक सूत्र में पिरोया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का कलंक मिटा और आज जम्मू-कश्मीर भारत का मोर मुकुट बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी ने आजाद हिंद फौज के माध्यम से भारत की आजादी में अहम भूमिका निभाई। 'तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा' का नारा देकर उन्होंने जनसामान्य को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ा।
हमें बंगाल और उसके गर्व को कभी भूलना नहीं चाहिए: जेपी नड्डा

केंद्रीय लोक स्वास्थ्य एवं रसायन मंत्री जेपी नड्डा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें नमन किया और कहा कि नेताजी वर्ष 1939 में जबलपुर आए थे। भारत रत्न से सम्मानित पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी सिटी बंगाली क्लब से जुड़े थे। हमें बंगाल और उसके के गर्व को कभी भूलना नहीं चाहिए। देश की आजादी में बंगाल की अहम भूमिका रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने वंतेमातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर संसद में विशेष चर्चा करवाई। राष्ट्रगान जन गण मन को भी पूर्ण सम्मान दिया जा रहा है। दिल्ली में कर्तव्य पथ पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित की गई है। बंगाली भाषा को क्लासिकल लैंग्वेज का दर्जा दिया गया है। यूनेस्को में दुर्गा पूजा को शामिल कराया गया है। गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर के शांति निकेतन को भी यूनेस्को ने विश्व धरोहर के तौर पर मान्यता दी है।
नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सिद्धी बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समापन समारोह पर नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने सिटी बंगाली क्लब में शताब्दी स्तंभ का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह अन्य अतिथि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, विधायक अभिलाष पांडे, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

