
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जो काम नहीं करेगा, उसे मैदान से हटाकर योग्य लोगों को बढ़ाने का काम हम करते रहेंगे। उन्होंने सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारी सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है।
गुना एसपी और सीधी कलेक्टर को हटाने के संबंध में उन्होंने कहा कि यह एक शासकीय निरंतरता की प्रक्रिया है, जहां हम अच्छे लोगों को प्रमोट करते हैं और जहां लगता है कि बदलना है वहां बदल देते हैं। सभागार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यूपीएससी परीक्षा में सफल प्रदेश के 61 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया। चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परीक्षा में सफलता के लिए उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से संवाद भी किया।
चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी मेहनत, संघर्ष और सफलता की कहानियां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ साझा की। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग की ओर से कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग की ओर से तैयार की गई ‘प्रतिभाओं का परचम’ पुस्तिका और डिजिटल वर्जन का विमोचन भी किया।कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

