
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बुरहानपुर में 696 करोड़ 37 लाख रुपये लागत के 80 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर में कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव होगी। यहां मिनी एयरपोर्ट भी बनाए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का चहुंमुखी विकास ही सरकार का एकमात्र लक्ष्य है। आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में हर नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सबको साथ और विश्वास में लेकर हम ऐसे नये मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे, जहां विकास केवल अवसर नहीं, यहां के हरेक नागरिक का अधिकार होगा। उन्होंने कहा कि आज जिन कार्यों की सौगातें मिली हैं, ये जिले को आधुनिक, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री बुरहानपुर में नर्मदेश्वर अखंड शिवलिंग की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर के नेहरू स्टेडियम में दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यानिकी और अन्य विभागों की 2 वर्ष की उपलब्धियों और भावी विकास योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ कर विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अन्य घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की। उन्होंने बुरहानपुर में केला उत्पादक किसानों के हित में वैल्यू एडिशन, भण्डारण एवं प्रसंस्करण के लिए इकाई स्थापित करने, मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में नगर परिषद शाहपुर को परीक्षण के बाद नगर पालिका का दर्जा दिया जाएगा। बुरहानपुर में वारकरी समुदाय का कीर्तन केंद्र बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉर्टिकल्चर र्टीकल्चर सब्जेक्ट अब प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में पढ़ाया जाएगा। उन्होंने खामनी से दही हांडी तक खामनी से रायगांव एवं शाहपुर से सुखपुरी तक सड़क बनाने की घोषणा भी की। बुरहानपुर में युवाओं के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण शुरू किए जाएंगे। राज्य सरकार बुरहानपुर सहकारी सूत मिल श्रमिकों के बकाया भुगतान कराएगी और यहां नए उद्योग-धंधे भी स्थापित करेगी।
कृषक कल्याण वर्ष की सौगातों की शुरुआत बुरहानपुर से हो रही: तुलसीराम सिलावट
जल संसाधन एवं बुरहानपुर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास और विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है। इसकी सौगातों की शुरुआत बुरहानपुर से हो रही है। यहां 922.51 करोड़ रुपए की बड़ी सिंचाई परियोजना से 17700 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा मिलेगी। नावथा सिंचाई परियोजना में 1673 करोड़ रुपए से अधिक लागत से निर्मित सिंचाई सुविधाओं का लाभ 22 हजार किसान परिवारों को मिलेगा। पिछले 2 वर्षों के प्रयासों से बुरहानपुर में कुल 85133 हेक्टेयर रकबे में सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री विकास कार्यों की घोषणा ही नहीं करते, उन्हें जमीन पर भी उतारते हैं: ज्ञानेश्वर पाटिल
खण्डवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धरातल पर कार्य करने में विश्वास करते हैं। विकास कार्यों की सिर्फ घोषणा नहीं करते, उन्हें जमीन पर उतारते हैं। मुख्यमंत्री बुरहानपुर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। बुरहानपुर में 15 हजार हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास मिले हैं। जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को नल से जल, निशुल्क राशन और आवास की सुविधा मिल रही है।
बुरहानपुर हर क्षेत्र में विकास के पथ पर अग्रसर: अर्चना चिटनीस
विधायक, बुरहानपुर अर्चना चिटनीस ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बुरहानपुर हर क्षेत्र में विकास के पथ पर अग्रसर है। बुरहानपुर ऐसा स्थान है, जिसके 335 किलोमीटर के दायरे में कुल 12 में से 6 ज्योतिर्लिंग स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि रामायण काल में भगवान श्रीराम का बुरहानपुर आने का उल्लेख मिलता है, इसलिए बुरहानपुर के शाहपुर को श्रीरामचन्द्र गमन पथ में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर प्राचीन काल का ब्रह्मपुर है, इसलिए बुरहानपुर का नाम ब्रह्मपुर किया जाए।

मुख्यमंत्री ने रोड शो कर नागरिकों का किया अभिवादन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जीजामाता चौराहे से नेहरू स्टेडियम तक रोड-शो कर नागरिकों का अभिवादन किया। हजारों की संख्या में नागरिकों ने बड़े उत्साह और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत व अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी नागरिकों पर फूलों की बौछार कर अभिवादन किया। कार्यक्रम में विधायक नेपानगर मंजू राजेंद्र दादू, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम झुनकरु मार्को, पूर्व विधायक सुमित्रा कास्डेकर, बुरहानपुर की महापौर माधुरी अतुल पटेल, क्षितिज पटेल, डॉ. मनोज माने उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

