
भोपाल। संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क के 27 प्रशिक्षणार्थियों ने गल्फ क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय में प्रशिक्षणार्थियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।
प्रशिक्षणार्थियों ने मुख्यमंत्री को अपने तकनीकी प्रशिक्षण, चयन प्रक्रिया और विदेश में रोजगार हासिल करने के अनुभव साझा किए। इन युवाओं ने मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोटिव और मेकाट्रॉनिक्स एंड इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स जैसे तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इस दौरान कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल भी मौजूद रहे।
97 प्रतिशत प्लेसमेंट का दावा
ग्लोबल स्किल्स पार्क में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान में पिछले वर्षों के दौरान करीब 97 प्रतिशत प्लेसमेंट दर्ज किया गया है। यहां हर साल लगभग 2 हजार विद्यार्थियों और कर्मचारियों को विभिन्न तकनीकी एवं कौशल विकास कार्यक्रमों के तहत प्रशिक्षित किया जाता है।
10 आईटीआई के लिए हब है संस्थान
मंत्री गौतम टेटवाल के मुताबिक, संस्थान में नौ उन्नत तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के तहत भी प्रशिक्षण दिया जाता है। ग्लोबल स्किल्स पार्क प्रदेश की 10 आईटीआई के लिए हब के रूप में काम कर रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

