
रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छठ पर्व एकमात्र ऐसा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की पूजा की जाती है। सूर्य की ऊर्जा जीवन में शक्ति प्रदान करती है, जबकि जल से ही जीव की उत्पत्ति हुई है। 36 घंटे तक लगातार कठिन व्रत रखकर जल के सामने पूजा-अर्चना करने वाली महिलाओं का संकल्प पूरे परिवार की सुरक्षा और सुख-समृद्धि का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को उज्जैन के विक्रम सरोवर तीर्थ पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम को भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने छठ पर्व के अवसर पर बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित अन्य क्षेत्रों से आए लोगों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते एक वर्ष में विक्रम सरोवर के घाटों का जिस तरह विकास हुआ है, उसे देखकर प्रसन्नता हो रही है। छठ पूजा के दौरान यहां दिखाई दे रहे दृश्य भारतीय संस्कृति और परंपराओं का जीवंत दर्शन करा रहे हैं।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि एक वर्ष में इस स्थान का कायाकल्प किया गया है। उन्होंने सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर मिथिलांचल के लोगों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संजय अग्रवाल, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति अर्पण भारद्वाज, मुकेश पटेल, परेश कुलकर्णी, गजेंद्र खत्री और आनंद खींची सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

