
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहडोल जिले के धनपुरी में नगर पालिका की ओर से 20 करोड़ रुपए से बनाए गए वॉटर पार्क का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सच्चा वादा-पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान है। कार्यक्रम में उन्होंने शहडोल में सिंचाई परिसर व गीता भवन बनाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय समुदाय लोगों के सर्वांगीण विकास में जुटी है। इनका राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी को माता शबरी जयंती की शुभकामनाएं दीं और कहा कि निष्कपट भक्ति, समर्पण और साधना की सर्वोच्च प्रतीक शबरी मैया ने सारा जीवन रघुवर की प्रतीक्षा की। प्रेम में समर्पित इस प्रतीक्षा का फल केवल माता शबरी को ही नहीं मिला बल्कि भगवान श्री राम को भी मिला।
कार्यक्रम में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल उपस्थित रहे। सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश-प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। इसी का परिणाम है कि धनपुरी को मिनी ओलंपिक के मापदंड पर आधारित स्विमिंग पूल की सौगात मिली है। विधायक जय सिंह मरावी ने मुख्यमंत्री की ओर से क्षेत्र को दी जा रही सौगात के लिए उनका आभार माना। नगर पालिका धनपुरी की अध्यक्ष रविंदर कौर छाबड़ा ने स्वागत भाषण दिया।

50 हजार हैक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ेगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल सिंचाई काम्पलेक्स निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत सोन नदी पर 4 माइक्रो सिंचाई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। लगभग 2300 करोड़ रुपए की इस योजना से 50 हजार हैक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ेगा, जिससे 122 गांव को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता भवन बनने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाइब्रेरी और कोचिंग जैसी शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी।
जैतपुर को नगर पंचायत बनाने सहित ये घोषणाएं कीं
मुख्यमंत्री ने जैतपुर को नगर पंचायत बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहडोल मेडिकल कॉलेज में सीट वृद्धि के संबंध में विभाग से प्रस्ताव प्राप्त होने पर सीट वृद्धि की जाएगी। उन्होंने शहडोल जिले में 160 करोड रुपए लागत से 45 किलोमीटर सड़क निर्माण व जैतपुर महाविद्यालय में कला-विज्ञान संकाय के भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही नए कॉलेज शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने तीन किलोमीटर लंबे मॉडल रोड निर्माण पर भी सहमति दिन।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

