
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन के देवास रोड स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस में बिहार से आए 16 सदस्यीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दल से संवाद किया। उन्होंने युवा इन्फ्लुएंसरों को उज्जैन की प्राचीन ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों और स्थलों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन वीर भारत संग्रहालय, सर्प उद्यान, महाकाल महालोक और सिंहस्थ-2028 के लिए चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि वीर भारत संग्रहालय में वैदिक काल, रामायण व महाभारत, विक्रमादित्य काल से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक भारत के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रनायकों की गाथाओं को समग्र रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्माणाधीन सर्प उद्यान की जानकारी दी और कहा कि उज्जैन को ‘सर्प मित्र नगरी’ के रूप में विकसित करने का दृष्टिकोण है। यह केंद्र सर्प संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने इन्फ्लुएंसरों को महाकाल महालोक और उज्जैन की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से भी अवगत कराया।
बिहार से आए दल की ओर से प्रवास के दौरान उज्जैन के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के साथ सिंहस्थ-2028 की तैयारियों एवं शहर में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ली जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

