बुधवार, 18 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सीएम डॉ. मोहन यादव ने गांधीसागर में 40.50 करोड़ की 5 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

18 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम डॉ. मोहन यादव ने गांधीसागर में 40.50 करोड़ की 5 परियोजनाओं का किया शिलान्यास
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांधीसागर को पर्यटन, इको टूरिज्म और ऊर्जा विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को गांधीसागर में आयोजित डेस्टिनेशन कैबिनेट के दौरान मुख्यमंत्री ने 40.50 करोड़ रुपये की लागत वाली 5 इको टूरिज्म परियोजनाओं का शिलान्यास किया। 


परियोजनाओं से क्षेत्र में टेंट सिटी, वॉटर स्पोर्ट्स, बोट क्लब, रिसॉर्ट और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीसागर प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जलराशि और वन्य संपदा के लिहाज से बेहद खास है। यहां चीता परियोजना के साथ विलुप्तप्राय गिद्धों सहित कई प्रजातियों के पक्षियों और वन्यजीवों की मौजूदगी इसे इको टूरिज्म के लिए आदर्श बनाती है। परियोजनाओं के माध्यम से गांधीसागर को प्रमुख पर्यटन और एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।


135 नए आवासीय कमरे और वॉटर स्पोर्ट्स की सुविधा

परियोजना के तहत मालासरी टापू पर टेंटिंग यूनिट, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर और जल क्रीड़ा गतिविधियां विकसित होंगी। ग्राम कनघट्टी में टेंटिंग, वॉटर स्पोर्ट्स, बोट क्लब और आधुनिक रिसॉर्ट सुविधाएं तैयार की जाएंगी। इसके अलावा पर्यटकों के लिए गांधीसागर में 135 नए आवासीय कमरे भी बनाए जाएंगे। इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


पंप्ड हाइड्रो परियोजना से 20 गुना बढ़ेगी बिजली उत्पादन क्षमता

मुख्यमंत्री ने गांधीसागर की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से बिजली उत्पादन क्षमता लगभग 20 गुना तक बढ़ेगी। दो जलाशयों के बीच पानी के आवागमन से एक ही जलराशि का बार-बार उपयोग कर बिजली बनाई जा सकेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस परियोजना का कार्य रिकॉर्ड तीन वर्षों में पूरा हुआ है और यह देश के लिए भी एक उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी।


चंबल मैया की आरती कर मांगी प्रदेश की खुशहाली

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ चंबल नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिविधान से पूजा-अर्चना और आरती की। मंत्रियों ने चंबल मैया की आराधना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर उन्नति की कामना की।


पानी की एक-एक बूंद बचाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है और यहां 250 से अधिक नदियां प्रवाहित होती हैं। जल संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने पानी की एक-एक बूंद बचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि गांधीसागर डेस्टिनेशन कैबिनेट क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें