
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार सुबह लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान किसान कल्याण वर्ष-2026, युवा वर्ष-2027, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस और जनजातीय गौरव दिवस सहित प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यपाल को बताया कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने, उनके कल्याण और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। बलराम कृषि महोत्सव और किसान कल्याण वर्ष की अब तक की प्रगति की जानकारी भी दी।
बैठक में प्रदेश में निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनकल्याण और औद्योगिक विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने पर जोर रहेगा। सरकार का लक्ष्य युवाओं को उद्यमी से उद्योगपति बनाने के लिए ठोस प्रयास करना है।
स्थापना दिवस पर किसान हितैषी योजनाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को 1 नवंबर को होने वाले मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार स्थापना दिवस को किसान हितैषी योजनाओं और सरकार के प्रयासों से जोड़कर मनाने का निर्णय लिया गया है।
बिरसा मुंडा जयंती पर होंगे व्यापक आयोजन
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने जनजातीय वर्ग के विकास के लिए सरकार की नीतियों और योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जनजातीय आबादी बड़ी संख्या में है और इस अवसर पर विशेष आयोजन किए जाएंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

