बुधवार, 11 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सीएम डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में 1200 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

10 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में 1200 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में मंगलवार को 1200 करोड़ रुपए से अधिक के नए विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों का भूमि-पूजन किया। इनमें शिप्रा तट स्थित प्रसिद्ध अंगारेश्वर महादेव मंदिर और उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठ गढ़कालिका माता मंदिर के तीर्थ क्षेत्र का विकास भी शामिल है। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में नई सड़कों और सीवर लाइन का विस्तार किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में धार्मिक पर्यटन की तस्वीर बदली है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और बाबा महाकाल महालोक जैसे प्रकल्प इसी दूरदृष्टि का परिणाम हैं। उज्जैन में वर्ष 2022 के बाद तीर्थाटन और अधोसंरचना विकास में व्यापक बदलाव आया है। सिंहस्थ 2028 के भव्य आयोजन को ध्यान में रखते हुए शहर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम के कारण उज्जैन का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व विशिष्ट है। सिंहस्थ कुंभ 12 वर्ष में एक बार आयोजित होता है और वर्ष 2028 के आयोजन को भव्य एवं दिव्य बनाने के लिए तैयारियां जारी हैं। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय उपस्थित रहे।


17 नवंबर को होगा जू और रेस्क्यू सेंटर का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उज्जैन में 17 नवंबर को बहुप्रतीक्षित चिड़ियाघर और रेस्क्यू सेंटर का भूमि-पूजन किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण में स्वेच्छा से मकान छोड़ने वाले परिवारों को मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में नि:शुल्क आवास दिया जाएगा। वहीं, सड़क निर्माण के कारण प्रभावित दुकानदारों के लिए खाली जमीन पर नया मार्केट विकसित कर दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी।


टियर-2 शहरों में अधोसंरचना विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन सहित प्रदेश के टियर-2 शहरों में अधोसंरचना विकास सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्व-त्योहारों को जनभागीदारी से उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को भाईदूज की शुभकामनाएं भी दीं।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें