
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार सुबह बड़वानी जिले में सेंधवा के जामली स्थित गायत्री धाम में गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने योग, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक सोच को स्वस्थ जीवन का आधार बताया और सभी से सद्भावना और सत्कर्मों के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शरद पूर्णिमा के साथ दीपावली का शुभारंभ हो गया है। परमात्मा से प्रार्थना है कि मन में प्रज्ज्वलित सद्भावना और सकारात्मकता का दीप जीवनभर ऊर्जा देता रहे तथा सभी के हाथों से सत्कर्म होते रहें। उन्होंने कहा कि महाकाल, भगवान श्रीकृष्ण और मां गायत्री की कृपा से मिले जीवन का सदुपयोग करना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने समय का श्रेष्ठतम उपयोग करते हुए अच्छे कार्य करने और समाज व राष्ट्र के कल्याण में योगदान देने का प्रयास करना चाहिए।
भारतीय दर्शन के वैदिक वाक्य ‘यत् पिण्डे तत् ब्रह्माण्डे’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव शरीर और ब्रह्मांड के तत्वों में गहरा संबंध है। प्रकृति, वनस्पति, पंचमहाभूत और प्राणतत्व जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आध्यात्मिक चेतना, सद् विचार और सद्कर्मों को अपनाकर जीवन को सार्थक बनाने का संदेश दिया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

