
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। वर्ष 2016 के रियो पैरा ओलिंपिक में चार पदकों से शुरू हुआ सफर 2024 के पेरिस पैरा ओलिंपिक में 29 पदकों तक पहुंच गया। वहीं, 2026 के पैरा एशियाई खेलों में भारत ने 114 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इनमें पैरा स्विमर्स के 11 पदक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को भोपाल के प्रकाश तरण पुष्कर में 26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैम्पियनशिप के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों से 400 से अधिक पैरा तैराक हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 100 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में मध्यप्रदेश में 11 खेल अकादमियां संचालित हैं। प्रदेश के 32 खिलाड़ियों ने इस वर्ष एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 12 पदक हासिल किए। सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में बेहतर खेल सुविधाएं और स्टेडियम विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
भारतीय पैरा स्विमिंग फेडरेशन के चेयरमैन देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय पैरा खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदकों की संख्या बढ़ा रहे हैं। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित पैरा खिलाड़ी सत्येंद्र सिंह लोहिया सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और उनके परिजन मौजूद रहे।
भोपाल बनेगा वॉटर स्पोर्ट्स का हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल कयाकिंग, केनोइंग और रोइंग के बाद अब सेलिंग प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ वॉटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बन रहा है। बरखेड़ा नाथू में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स स्टेडियम और एशियन हॉकी का आयोजन प्रदेश की खेल पहचान को नई ऊंचाई देगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की संख्या बढ़ाना है।
राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में एमपी तीसरे स्थान पर
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद पैरा खिलाड़ी जिस साहस और क्षमता के साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं, वह प्रेरणादायक है। मध्यप्रदेश राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में तीसरे स्थान पर पहुंचा है। प्रदेश में 19 नवंबर से पहली बार एशियन वुमेन चैम्पियनशिप का आयोजन भी होगा, जिसमें छह देशों की टीमें भाग लेंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

