मंगलवार, 23 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- यूसीसी के पक्ष में हैं 90 प्रतिशत से अधिक नागरिक, अल्पसंख्यक समुदाय का भी बड़ी संख्या में समर्थन

23 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- यूसीसी के पक्ष में हैं 90 प्रतिशत से अधिक नागरिक, अल्पसंख्यक समुदाय का भी बड़ी संख्या में समर्थन
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक से पहले अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के संबंध में 9 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। 90 प्रतिशत से भी अधिक नागरिक यूसीसी के पक्ष में हैं। अल्पसंख्यक समुदाय का भी बड़ी संख्या में समर्थन प्राप्त हुआ है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए सभी जिलों में जन परामर्श बैठकें हो चुकी हैं। सभी जिलों में कार्य शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। राज्य स्तरीय परामर्श 22 जून को भोपाल में हुआ। इसमें सभी आयोगों, विभागों, राजनैतिक दलों और धर्मगुरुओं से अलग-अलग बैठकें आयोजित कर मत लिया गया। करीब 3.49 करोड़ एसएमएस यूसीसी के सुझाव आमंत्रित करने के लिए समग्र के हितग्राहियों को भेजे गए। विधेयक के प्रारूप पर समिति की ओर से विधि विभाग के साथ साझा रूप से कार्य किया जा रहा है। 


गुरू पूर्णिमा पखवाड़ा 15 से 29 जुलाई तक 

मुख्यमंत्री बैठक में बताया कि प्रदेश में गुरू पूर्णिमा पखवाड़ा दिनांक 15 से 29 जुलाई तक मनाया जा रहा है। इस अवधि में सभी स्कूलों में अलग अलग शैक्षणिक, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं और गतिविधियां होंगी। इसमें जनप्रतिनिधि, पालक व विषय विशेषज्ञ शामिल होगें। इसमें विद्यार्थियों के विकास की कार्य योजना बनाई जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रत्येक दिवस की कार्य योजना बनाई है, इसमें भाषण, निबंध प्रतियोगिता, संस्कृत श्लोक प्रस्तुति, स्वास्थ्य जागरूकता, वृक्षारोपण, कैरियर मार्गदर्शन इत्यादि विषय शामिल किए गए हैं। इस अवधि में सांदीपनि विद्यालयों में एक दिवसीय गुरू पूर्णिमा उत्सव होगा। इसके अंतर्गत विद्यालय के विद्यार्थियों की ओर से विज्ञान प्रदर्शिनी, नवाचार इत्यादि के कार्यक्रम किए जाएगें। 


बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व को किया गया पुरस्कृत 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व को "इंडिया टुडे टूरिज्म सर्वे एंड अवार्ड्-2026" में "एडिटर्स चॉईस अवार्ड- बेस्ट वाईल्ड लाईफ डेस्टिनेशन" श्रेणी में पुरस्कृत किया गया है। गोवा में केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रदान किया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, देश-विदेश के पर्यटकों के बीच अपनी समृद्ध जैव-विविधता, बाघों की अच्छी संख्या, प्राकृतिक सौंदर्य और प्रभावी संरक्षण प्रबंधन के लिए विशेष पहचान रखता है। यह अवार्ड प्रदेश सरकार की जैव विविधता के क्षेत्र में किये जा रहे प्रयासों का ही परिणाम है।


जल संरक्षण और संवर्धन में उल्लेखनीय कार्य हुए

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान में जल संरक्षण और संवर्धन में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में समारोहपूर्वक समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाए। अभियान अंतर्गत किए गए कार्यों की प्रदर्शनी, भाषण, ग्राम पंचायत में जनभागिता से किए गए कार्यों का प्रेजेंटेशन किया जाए। जल के सदुपयोग की शपथ भी दिलाई जाए।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें