
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को गति देने के लिए मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अत्याधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है, जिससे मध्यप्रदेश देश के उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण केंद्र बन सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सेमीकंडक्टर तकनीक आत्मनिर्भर और विकसित भारत की आधारशिला है। सेमीकंडक्टर इंडिया प्रोग्राम 2.0 के तहत मध्यप्रदेश अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। केंद्र सरकार द्वारा छह राज्यों में 12 सेमीकंडक्टर परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने के बाद देश में इस क्षेत्र की गतिविधियों को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी नीतिगत पहल और औद्योगिक क्षमता के बल पर सेमीकंडक्टर क्षेत्र में राष्ट्रीय अभियान को नई ऊंचाई देने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियां, औद्योगिक क्षमता और तकनीकी संभावनाएं मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में आगे ले जा रही हैं। सरकार का फोकस तकनीक, निवेश और नवाचार को एक साथ बढ़ावा देकर मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार करने पर है।
इंदौर में जुटेंगे निवेशक और विशेषज्ञ
इसी दिशा में 23-24 अक्टूबर को इंदौर में ‘एमपी सेमीकंडक्टर समिट-2026’ का आयोजन किया जाएगा। समिट में देश-विदेश के निवेशक, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति-निर्माता शामिल होंगे। दो दिवसीय आयोजन में प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के विस्तार, निवेश संभावनाओं, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विकास पर मंथन होगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

