सोमवार, 27 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- बलराम कृषि महोत्सव किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का व्यापक अभियान

27 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- बलराम कृषि महोत्सव किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का व्यापक अभियान
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा जिला मुख्यालय में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में प्रदेश के 82.70 लाख से अधिक किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत 3308 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से अंतरित किए। कार्यक्रम स्थल पर लगी उन्नत कृषि पर केंद्रित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का व्यापक अभियान है। 


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती-किसानी को लाभदायी बनाने और कृषि को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार काम कर रही है। बलराम कृषि महोत्सव किसानों का अपना कार्यक्रम है, किसान इसका अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी खेती को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा की बात ही अलग है। अतीत का खानदेश अब कई खासियतों के लिए मशहूर है। यहां की काली मिट्टी फसलों के लिए सोने जैसी है। इसीलिए यहां की फसलें भी सोने के भाव बिकती हैं। 


मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि बलराम कृषि महोत्सव आपका अपना महोत्सव है। इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि परम्परागत खेती अब गुज़रे ज़माने की बात हो गई है। अब आधुनिक और उन्नत खेती का दौर है। किसान बंधु अपने खेत की मिट्टी की जांच कराएं। मिट्टी की उत्पादकता के अनुसार ही फसल लें। बहुत अधिक रायायनिक उर्वरकों का उपयोग करने से बचें, जितनी जल्दी हो सके, प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर बढ़ें। फसल विविधीकरण अपनाएं। एक ही किस्म की फसल के स्थान पर एक ही समय में खेत में एकाधिक फसल लें। इससे किसानों के खेतों में नई फसल किस्मों की हरियाली आयेगी, साथ ही आमदनी भी बढ़ेगी।


किसानों की आय दोगुना करने का संकल्प

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बलराम कृषि क्षेत्र के पहले देवता हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुना करने के लिए हम वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मना रहे हैं। इसमें प्रदेश के विभिन्न अंचलों में बलराम कृषि महोत्सव मनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह किसानों के प्रति हमारी संकल्प शक्ति का ही परिणाम है कि आज प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 65 लाख हैक्टेयर हो गया है, जो कि वर्ष 2002-03 से पहले मात्र 44 लाख हैक्टेयर था। पिछले ढाई साल में सिंचाई का रकबा 10 लाख हैक्टेयर से अधिक बढ़ चुका है।


किसान अब ड्रोन से खेतों में खाद-बीज का कर रहे

छिड़काव 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कृषि क्षेत्र में सर्वांगीण विकास के लिए किसानों को बिजली, पानी, बेहतर सड़कें, प्राकृतिक खेती और आधुनिक खेती से जोड़ा है। किसान भाई अब ड्रोन से खेतों में खाद-बीज का छिड़काव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी वर्षाकाल के बाद किसानों को रात के साथ दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार दूध उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है। दूध उत्पादन को वर्तमान 9 प्रतिशत से बढ़ाकर हमने 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा है।


अब मध्यप्रदेश एक समान कानून से चलेगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अब एक देश, एक निशान, एक विधान, एक प्रधान का संकल्प पूरा हो रहा है। 'सब समान-सबको सम्मान' ही हमारा भाव है। हमारी सरकार ने समान नागरिक संहिता विधेयक विधानसभा से पास करवाया है। अब हमारा प्रदेश एक समान कानून से चलेगा। उन्होंने बताया कि यूसीसी के संबंधित सर्वे में साढ़े 3 करोड़ से अधिक लोगों को एसएमएस भेजे गए। इसके लिए 10 लाख से अधिक सुझाव मिले। सर्वे में 76 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम बहनों ने यूसीसी लागू करने का समर्थन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बहनों को तीन तलाक से मुक्ति मिल चुकी है। सभी समुदायों की महिलाएं हमारी बहनें हैं।


खण्डवा में पुलिस बटालियन की होगी स्थापना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खण्डवा में पुलिस बटालियन की स्थापना करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मूंदी से खंडवा के बीच नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। बलराम कृषि महोत्सव की स्मृति के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को किसानों ने हल भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैविक, हाईटेक खेती और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान बंधुओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया एन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया।


कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 

जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, खंडवा की महापौर अमृता अमर यादव, विधायक नारायण पटेल, विधायक छाया मोरे, नगर निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित थे।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें