बुधवार, 29 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- प्रदेश में बढ़ रहा बाघों का कुनबा, अगले साल की गणना में संख्या हजार से अधिक होने का अनुमान

29 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- प्रदेश में बढ़ रहा बाघों का कुनबा, अगले साल की गणना में संख्या हजार से अधिक होने का अनुमान
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कहना है कि प्रदेश में बाघों का कुनबा तेजी से बढ़ रहा है। 53 साल पहले बाघों की संख्या दहाई के आंकड़े में सिमटी हुई थी। वर्ष 2016 में संख्या लगभग 250 हो गई। वर्ष 2022 की गणना में प्रदेश में 785 बाघ हो गए। अगले साल नई गणना में बाघों की संख्या 1000 से अधिक होने का अनुमान है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में समृद्ध जैव विरासत का स्वर्णिम और सुगम काल निरंतर जारी है। मुख्यमंत्री ने वन्य जीव संरक्षण गतिविधियों पर केंद्रित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। वन्यजीव संरक्षण के लिए प्राप्त वाहनों का लोकार्पण भी किया। 


मुख्यमंत्री ने विभागीय प्रकाशनों के अंतर्गत सतपुड़ा की तितलियों पर आधारित पुस्तक फ्लटरिंग ज्वेल्स ऑफ सतपुड़ा, कान्हा क्षेत्र की घास प्रजातियों पर केंद्रित पुस्तक, पिक्टोरियल हरबेरियम ऑफ कान्हा ग्रासेस, वन्यजीवन रेस्क्यू संकलन, बेस्ट प्रैक्टिसेस ऑफ वाईल्ड लाईफ कन्जर्वेंशन इन मध्यप्रदेश और बॉयोडायवर्सिटी ऑफ वाईल्ड मशरूम्स इन पेंच टाइगर रिजर्व आदि का विमोचन किया। 


प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव समिता राजौरा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव वन राघवेन्द्र सिंह, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वन समितियों के सदस्य व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री ने वृत्त चित्रों के टीजर रिलीज किए

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में बारहसिंघा को फिर से बसाने पर केन्द्रित वृत्त चित्र और कान्हा टाइगर रिजर्व में टाइगर रिवाइल्डिंग पर केन्द्रित वृत्त चित्रों के टीजर रिलीज किए। उन्होंने राज्य वन्य प्राणी बोर्ड के पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित सदस्यों डॉ. नारायण व्यास और मोहन नागर का अभिनन्दन किया। साथ ही वन्य जीव सरंक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली वन सुरक्षा समितियों, ईको विकास समिति, ग्राम वन समिति और वन कर्मियों को पुरस्कार भी प्रदान किए।


'एक जन-एक पत्ती-जनभागीदारी, संरक्षण की शक्ति' अभियान में भाग लिया

मुख्यमंत्री ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व की ओर से जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू किए गए 'एक जन-एक पत्ती - जनभागीदारी, संरक्षण की शक्ति' अभियान में भाग लिया। इसके अंतर्गत उन्होंने पत्ती के आकार की छोटी-कच्ची सिरेमिक टाइल पर बाघ का चेहरा उकेरा। इस प्रकार की टाइल को पकाकर विभिन्न रंगों में विकसित किया जाता है। इन्हीं टाइलों से वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के हिनोती पर्यटन द्वार को सजाया जाएगा। 








पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें