
भोपाल। मध्यप्रदेश में टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार, 22 सितंबर को बेंगलुरु में टेलीकॉम उद्योग के प्रमुख निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। ताज बेंगलुरु में आयोजित इन्वेस्टर्स राउंड टेबल में ग्वालियर में विकसित किए जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री निवेशकों को ग्वालियर टीएमजेड में उपलब्ध निवेश अवसरों, मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीतियों और राज्य सरकार की ओर से दिए जा रहे सहयोग की जानकारी देंगे। टेलीकॉम उपकरणों के विनिर्माण के साथ रिसर्च, इनोवेशन और इससे जुड़े सहायक उद्योगों के विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
ग्वालियर में तैयार हो रहा टेलीकॉम उद्योग का नया केंद्र
इन्वेस्टर्स राउंड टेबल में ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की विशेषताओं, उपलब्ध सुविधाओं और निवेश के अवसरों का प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई तथा दूरसंचार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी निवेशकों के सामने टीएमजेड से जुड़े अवसरों और नीतिगत सहयोग की जानकारी रखेंगे। ग्वालियर में प्रस्तावित टीएमजेड के लिए 24 कंपनियों ने आवेदन प्रक्रिया शुरू की है और करीब 5,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव सामने आया है। परियोजना से 18,000 से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद जताई गई है।
केंद्र और राज्य के समन्वय से निवेश को बढ़ावा
इन्वेस्टर्स राउंड टेबल में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया भी शामिल होंगे। केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों तथा उद्योग जगत की सहभागिता से होने वाली इस बैठक का उद्देश्य ग्वालियर टीएमजेड में उद्योगों की भागीदारी बढ़ाना और टेलीकॉम विनिर्माण का व्यापक इकोसिस्टम विकसित करना है।
बेंगलुरु के तकनीकी संस्थानों का भी दौरा करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बेंगलुरु में टेलीकॉम और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े संस्थानों का भी दौरा करेंगे। वे Qualcomm के R&D सेंटर, Signalchip Innovations और Signaltron Systems का अवलोकन करेंगे। इन केंद्रों पर रिसर्च, नवाचार और टेलीकॉम तकनीक के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की जानकारी ली जाएगी। साथ ही बेंगलुरु के तकनीकी इकोसिस्टम और ग्वालियर में विकसित किए जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के बीच संभावित सहयोग के अवसरों पर भी विचार होगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

