
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (23 जुलाई) को आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर में उनकी 120वीं जन्म जयंती के पर कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होंगे। इस मौके पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जन्मजयंती समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री 340 करोड रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव चंद्रशेखर आजाद नगर में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली आजाद कुटिया पहुंच कर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करेंगे। इसके बाद वे मुख्य कार्यक्रम स्थल कृषि मंडी पहुंच कर बलराम कृषि महोत्सव में जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद कर कृषि क्षेत्र में नवाचार,आधुनिक तकनीकों तथा कृषि विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री संभाग के अलग-अलग जिलों से आए विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित इंफ्लूएंसर्स से भी संवाद करेंगे।
कार्यक्रम में जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों तथा मेधावी छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को कृषि एवं कृषि से संबद्ध क्षेत्रों की नवीनतम तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। इसी के साथ विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जाएगा।
287.32 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न विभागों के करीब 287.32 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण, जनजातीय कार्य विभाग के नवीन हाई स्कूल भवन, जल संसाधन विभाग के बैराज निर्माण, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के विद्युत उपकेंद्र, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के नवीनीकरण एवं नव-निर्माण कार्य सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा अन्य विभागों के विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं।
53.55 करोड़ रुपए के निर्माण व विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने करीब 53.55 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हुए विभिन्न निर्माण व आधारभूत संरचना विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पित होने वाले कार्यों में विद्युत विभाग के नवीन 33/11 केवी उपकेंद्र, शिक्षा विभाग के विद्यालय भवन, महिला एवं बाल विकास विभाग के अनेक आंगनवाड़ी भवन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अटल सेवा केंद्र, पुलिया, स्टॉप डैम, निस्तार तालाब, आरएमएस, नाली एवं पेवर ब्लॉक सहित अन्य ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

