
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 19 सितंबर को प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को बड़ी सौगात देंगे। शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों की कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7,400 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत ई-स्कूटी वितरित की जाएगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम सुबह 9 बजे भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में होगा।
योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को दिया जाता है, जिन्होंने कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में कम से कम 70 प्रतिशत अंक हासिल कर अपने स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया हो। स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों के नियमित विद्यार्थियों को मिलने वाली इस योजना में सभी संकायों को शामिल किया गया है। मोटराइज्ड स्कूटी के लिए अधिकतम 90 हजार रुपये और ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपये तक की राशि प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उच्च शिक्षा के लिए आवागमन आसान बनाना है।
23 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे लाभान्वित
शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए 7,400 से अधिक विद्यार्थियों को ई-स्कूटी दी जाएगी। अब तक योजना से 23 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं और इसके संचालन पर करीब 246 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

