
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 अक्टूबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ करेंगे। दो दिवसीय समिट में प्रदेश को सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित करने, निवेश आकर्षित करने और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने पर मंथन होगा। आयोजन में देश-विदेश की कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री समिट में ‘सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्यप्रदेश का विजन’ प्रस्तुत करेंगे। वे प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ उद्योगपतियों और कंपनियों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इनमें निवेश, तकनीकी सहयोग और प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। समिट में सेमीकंडक्टर विनिर्माण, चिप डिजाइन, उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
दो दिनों में 8 पैनल चर्चाएं, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 मुख्य व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। प्रदर्शनी में 50 से अधिक कंपनियां अपने उत्पादों, तकनीकों और समाधानों का प्रदर्शन करेंगी। पहले दिन उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग हब के रूप में मध्यप्रदेश का विकास, फैबलेस इकोसिस्टम और सेमीकंडक्टर विनिर्माण एवं आपूर्ति शृंखला पर चर्चा होगी। वहीं, दूसरे दिन चिप प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद निर्माण, डिजाइन सेवाओं, अनुसंधान एवं विकास और कौशल संवर्धन पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
स्टार्टअप विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित
समिट के दौरान फोटोनिक्स, क्वांटम प्रौद्योगिकी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) से जुड़े विषयों पर भी बैठकें होंगी। ‘मध्यप्रदेश सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता’ के अंतिम चरण में चयनित विजेताओं को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के जरिए उद्योग, शिक्षण संस्थानों और अनुसंधान केंद्रों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।
सेमीकंडक्टर नीति-2025 से निवेश को प्रोत्साहन
राज्य सरकार ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश और उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025 को स्वीकृति दी है। समिट इसी क्षेत्र में निवेश के अवसरों को सामने रखने, तकनीकी सहयोग विकसित करने और कुशल मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

