
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 नवंबर को मेपकास्ट के विज्ञान भवन में प्रदेश की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला और वाकणकर गैलरी का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वह ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी करेंगे।
नई प्रयोगशाला में वैज्ञानिक तकनीक से करीब 10 लाख वर्ष तक पुरानी पुरातात्विक सामग्रियों की आयु का आकलन किया जा सकेगा। इससे प्राचीन मानव सभ्यताओं, पर्यावरणीय बदलावों और पुरा-जलवायु के अध्ययन को नई दिशा मिलेगी। वहीं, वाकणकर गैलरी में प्रसिद्ध पुरातत्वविद् डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के जीवन, शोध और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। भीमबेटका शैलाश्रयों की खोज में उनके योगदान को भी प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत ‘प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें देशभर के वैज्ञानिक, पुरातत्वविद् और विशेषज्ञ भारतीय कालगणना परंपरा, प्राचीन खगोलीय ज्ञान तथा आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के समन्वय पर विचार-विमर्श करेंगे। मेपकास्ट के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी के अनुसार, प्रयोगशाला और गैलरी की स्थापना प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

