बुधवार, 21 अक्टूबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

इंडिया केम-2026 में कल मध्यप्रदेश के निवेश अवसरों को सामने रखेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव

21 अक्टू, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
इंडिया केम-2026 में कल मध्यप्रदेश के निवेश अवसरों को सामने रखेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 22 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया केम-2026 के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में वे रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं, औद्योगिक अधोसंरचना और राज्य की निवेश नीतियों को उद्योगपतियों व निवेशकों के सामने रखेंगे।


केंद्र सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और फिक्की के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 14वें द्विवार्षिक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक, विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल होंगे। ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे।


वैश्विक उद्योग जगत से होगा संवाद

सम्मेलन के पहले दिन प्रदर्शनी अवलोकन, मुख्य कार्यपालक अधिकारियों का फोरम और कारोबारी नेटवर्किंग के कार्यक्रम होंगे। भारत-अमेरिका, भारत-जापान और भारत-यूरोपीय संघ के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल फोरम में व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले उद्योगों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। 23 अक्टूबर को विशेष रसायन, पेट्रोकेमिकल, औद्योगिक अधोसंरचना, पर्यावरण, संयंत्र एवं मशीनरी, पंप-वाल्व और कृषि रसायन जैसे विषयों पर परिचर्चाएं होंगी। 24 अक्टूबर को भी प्रदर्शनी जारी रहेगी।


निवेश और रोजगार पर नजर

इंडिया केम-2026 के जरिए मध्यप्रदेश सरकार रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग में निवेश आकर्षित करने पर जोर देगी। इस क्षेत्र में निवेश बढ़ने से विनिर्माण गतिविधियों, सहायक उद्योगों और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें