गुरुवार, 23 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सीएम डॉ. मोहन यादव ने भगवान महाकाल का पूजन और अभिषेक किया, रंग पंचमी पर खेली फूलों की होली

08 मार्च, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
श्री महाकाल मंदिर उज्जैन में ध्वज के साथ सीएम डॉ. मोहन यादव.

श्री महाकाल मंदिर उज्जैन में ध्वज के साथ सीएम डॉ. मोहन यादव.

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को उज्जैन में सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल का पूजन और अभिषेक किया। मंदिर के सभा मंडप में रंगपंचमी के अवसर पर ध्वज चल समारोह में भगवान वीरभद्र के ध्वज और श्री महाकाल ध्वज के साथ ही शस्त्रों का विधि विधान पूर्वक पूजन किया। मुख्यमंत्री ध्वज हाथ में लेकर मंदिर के कुंड परिसर तक गए। 


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्राचीन अवंतिका नगरी में सम्राट विक्रमादित्य के शासनकाल के दौरान परंपरागत रूप से सैनिक छावनियों से सैनिक विजयी पताका और चिन्ह लेकर चल समारोह के रूप में नगर में उत्सव मनाते थे। बाद में इस उत्सव को गेर नाम दे दिया। यह प्राचीन परंपरा आज भी कायम है। यह परंपरा हमारे सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने भगवान श्री महाकाल का पूजन कर देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की। पूजन के बाद नंदी हाल में मंदिर के पुजारी-पुरोहितों द्वारा स्वस्ति वाचन किया गया।


 इस अवसर पर कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भगवान महाकाल का अंगवस्त्र, भगवान महाकाल का प्रसाद व स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि उज्जैन में परंपरागत रूप से निकलने वाले चल समारोह (गेर) को आगे भी कायम रखने के लिए सवा-सवा लाख रुपए की राशि दी जाए।


मुख्यमंत्री ने रंग पंचमी पर खेली फूलों की होली

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रंगपंचमी पर टॉवर चौक उज्जैन में आमजन के साथ फूलों की होली खेली। इससे पहले वह सिंधी कॉलोनी से निकाली गई गेर (चल समारोह) में शामिल हुए। टॉवर चौक पर बनाए गए मंच से मुख्यमंत्री ने सभी पर गुलाब के फूल बरसाकर होली खेली। उन्होंने कहा कि ये फूल हमें याद दिलाते हैं कि जीवन में रंग भले कितने भी हों, असली रंग तो दिल के रंग होते हैं, जो एक-दूसरे के लिए सम्मान, भाईचारा और देशभक्ति से भरे हों।  रंगपंचमी पर हमारे जीवन में आत्मीयता बढ़े, प्रेम और स्नेह बढ़े यही ईश्वर से प्रार्थना है।


मुख्यमंत्री ने देशभक्ति गीत भी गाया 

मुख्यमंत्री और आम जनता ने मिलकर 'ये देश है वीर जवानों का, अलबेलों का मस्तानों का' गीत गाया। ये गाना उन वीर जवानों के लिए समर्पित था, जो सीमा पर खड़े होकर हमें ये रंग खेलने की आजादी देते हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें