
भोपाल। ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान कि अगले दो साल में प्रदेश में ढाई लाख भर्तियां की जाएंगी। वर्तमान में 85 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जा रही है। निजी क्षेत्र में भी करीब दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की दिशा में काम हो रहा है। ग्लोबल स्किल पार्क और 55 एक्सीलेंस कॉलेजों के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने रामराजा सरकार को प्रणाम कर अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि ओरछा में रामराजा लोक बनाया जाएगा और सनातन संस्कृति की विरासत को विकास से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अब पर्यटन, निवेश, रोजगार और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में हर साल करीब साढ़े 13 करोड़ पर्यटक आ रहे हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन कारोबार को नई ऊंचाई देने के लिए एयरपोर्ट, एयर एंबुलेंस, हवाई और हेली सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
लाड़ली बहना से लेकर बिजली तक गिनाईं उपलब्धियां
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि प्रदेश का बजट बढ़कर 4 लाख 38 हजार करोड़ रुपए हो गया है। प्रदेश में 31 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है और प्रदेश बिजली के मामले में सरप्लस है। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना को बहनों के प्रति सरकार के विश्वास का प्रतीक बताया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग बहनों को दी जाने वाली राशि का विरोध करते हैं और कहते हैं कि महिलाएं इस पैसे से शराब खरीदेंगी।
‘39 मेडिकल कॉलेज चल रहे, संख्या 50 तक करेंगे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इस समय 39 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिन्हें बढ़ाकर 50 किया जाएगा। मेडिकल शिक्षा में सीटों की संख्या बढ़कर 6250 तक पहुंच गई है। आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज भी खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में साढ़े 18 हजार पदों पर भर्ती की गई है और कर्मचारियों की वर्षों से लंबित पदोन्नतियों का रास्ता भी खोला गया है।
समान नागरिक संहिता पर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू किया गया है और यह कट्टरपंथियों को जवाब है।मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं को मुस्लिम समाज तक भी पहुंचाना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा हिंदू-मुस्लिम को लड़ाने की राजनीति करती रही है और सत्ता हासिल करने के लिए हर हथकंडा अपना रही है।
‘लाल सलाम को मध्यप्रदेश में आखिरी सलाम’
नक्सलवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में नक्सल समस्या को सबसे पहले खत्म किया गया और अब ‘लाल सलाम को मध्यप्रदेश में आखिरी सलाम’ कर दिया गया है।उन्होंने केन-बेतवा परियोजना के विरोध को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि सरकार विकास की परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
‘70 फीसदी संकल्प पूरे करने जा रहे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने जिन संकल्पों के आधार पर सरकार बनाई थी, उनमें से 70 फीसदी संकल्प पूरे करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। किसानों के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने, 5 रुपये में बिजली कनेक्शन, पशुपालन के जरिए आय बढ़ाने और सड़क एवं एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के विस्तार का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेट्रोपॉलिटन सिटी विकसित की जा रही हैं और सिंहस्थ की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

