
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से वर्ष 2029 तक मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति का जीवन बर्बाद करने के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को इससे मुक्त कराने के लिए सभी को आगे आना होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम की 140वीं कड़ी का सामाजिक न्याय संचालनालय के सभागार में दिव्यांगजनों और माताओं-बहनों के साथ श्रवण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मकता को नई दिशा देने का प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में नशे की लत से जूझ रहे व्यक्ति की कठिनाइयों, नशा छोड़ने के संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए। राज्य सरकार भी नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास नशे की गिरफ्त में फंसे व्यक्तियों को इससे बाहर निकालने में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल और स्वेटर तथा माताओं-बहनों को स्वेटर वितरित किए। उन्होंने दिव्यांगजनों के साथ सेल्फी भी ली। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और भोपाल महापौर मालती राय भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों की शारीरिक सीमाएं हो सकती हैं, लेकिन उनकी प्रतिभा की कोई सीमा नहीं होती। उन्होंने ऋषि अष्टावक्र, महाकवि सूरदास, जगद्गुरु रामभद्राचार्य, स्टीफन हॉकिंग और संगीतकार रवीन्द्र जैन का उदाहरण देते हुए दिव्यांगजनों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

