
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में आयोजित ‘एआईएम कांग्रेस-2026’ के तीसरे दिन कई प्रमुख निवेशकों और उद्योग समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। क्रेसेंट एंटरप्राइजेज, राणा होल्डिंग्स और ब्यूमर्क कॉर्पोरेशन के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ हुई बैठकों में ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन हाइड्रोजन, ई-मोबिलिटी और हेल्थकेयर सहित विभिन्न क्षेत्रों में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी उद्योग समूहों को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2027 में शामिल होने का न्यौता दिया।
क्रेसेंट एंटरप्राइजेज के सीईओ बद्र जाफर के साथ बैठक में रिन्यूएबल एनर्जी, इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग के साथ टेक्नोलॉजी आधारित उद्यमों और स्टार्टअप्स में निवेश पर चर्चा हुई। कंपनी मध्यप्रदेश में सस्टेनेबल अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर, रिसोर्स एफिशिएंसी और सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़ी परियोजनाओं में भी संभावनाएं तलाशेगी। जाफर ने ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2027 में 10-12 निवेशकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ शामिल होने की इच्छा जताई। उनके उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी तुषार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल भी मध्यप्रदेश आने की बात कही गई।
10 साल के निवेश कार्यक्रम पर मंथन
राणा होल्डिंग्स के चेयरमैन-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ बैठक में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, क्लीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, ई-मोबिलिटी और एग्रीकल्चरल मशीनरी जैसे क्षेत्रों पर फोकस रहा। बैठक में 10 वर्षीय निवेश कार्यक्रम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे परियोजना माइलस्टोन के आधार पर चरणबद्ध तरीके से लागू करने पर चर्चा हुई। प्रस्तावित निवेश में सोलर पावर, ग्रीन हाइड्रोजन, ऊर्जा भंडारण, एआई-आधारित डेटा सेंटर और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ क्रिटिकल मिनरल्स रीसाइक्लिंग और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग सुविधाएं शामिल हैं। राणा होल्डिंग्स ने ई-मोबिलिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और कृषि मशीनरी के लिए स्थानीय सप्लाई चेन विकसित करने में भी रुचि दिखाई। कंपनी के अनुसार उसका पोर्टफोलियो करीब 1.76 लाख करोड़ रुपये का है और वह यूएई, अमेरिका, अफ्रीका, पुर्तगाल, पैराग्वे और थाईलैंड में विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है।
हेल्थ सेक्टर में भी निवेश की संभावनाएं
ब्यूमर्क कॉर्पोरेशन के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एवं सीईओ सिद्धार्थ बालाचंद्रन के साथ बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी और एनर्जी सेक्टर में निवेश पर चर्चा हुई। कंपनी ने मध्यप्रदेश के उभरते उद्यमों में लॉन्ग-टर्म निवेश और इक्विटी पार्टिसिपेशन के साथ रिन्यूएबल एनर्जी, रिसोर्स एफिशिएंसी और सस्टेनेबिलिटी परियोजनाओं में संभावनाएं तलाशने में रुचि दिखाई। बैठक में मध्यप्रदेश में हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर और मेडिकल सुविधाओं के विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को राज्य में उपलब्ध जमीन, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश-अनुकूल सुविधाओं की जानकारी दी। ब्यूमर्क कॉर्पोरेशन दुबई स्थित निवेश एवं ऑपरेटिंग होल्डिंग कंपनी है और अमेरिका, यूरोप, मध्य पूर्व तथा भारत में निवेश गतिविधियां संचालित करती है।
ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी पर एमपी का फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को बताया कि मध्यप्रदेश में ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और हेल्थकेयर सहित कई क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रदेश में सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी मजबूत हुई है, जबकि रिन्यूएबल एनर्जी और औद्योगिक विस्तार के लिए सरकार भूमि, बिजली, स्किलिंग, अनुमतियों और परियोजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन पर सहयोग कर रही है। दुबई में हुई इन बैठकों से मध्यप्रदेश की निवेश रणनीति में ग्रीन एनर्जी, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और हेल्थकेयर जैसे सेक्टरों को मिल रहे बढ़ते महत्व का संकेत मिला है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2027 में आमंत्रित करते हुए प्रदेश में उपलब्ध अवसरों को करीब से देखने और दीर्घकालीन निवेश साझेदारी की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

