शनिवार, 19 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सीएम मोहन यादव का राहुल गांधी पर हमला, बोले- इंदौर में ‘झूठ की गूंज’ के बजाय तथ्यों के साथ करते संवाद

19 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम मोहन यादव का राहुल गांधी पर हमला, बोले- इंदौर में ‘झूठ की गूंज’ के बजाय तथ्यों के साथ करते संवाद
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘झूठ की गूंज’ कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की जनता से संवाद के दौरान तथ्यों और आंकड़ों को सामने रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में बिना पर्याप्त तैयारी के बच्चों और युवाओं से संवाद किया गया और कांग्रेस के एजेंडे के आधार पर भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों के परिणामस्वरूप ड्रॉपआउट दर को शून्य तक लाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में ड्रॉपआउट दर करीब 16 प्रतिशत थी। उनके अनुसार, उस समय स्कूल शिक्षा का बजट लगभग 2,000 करोड़ रुपये था, जबकि वर्तमान में यह बढ़कर 38,658 करोड़ रुपये हो गया है।


मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय क्या बच्चों को गणवेश, साइकिल, लैपटॉप और स्कूटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।


मेडिकल शिक्षा में सीटों का विस्तार

स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र का उल्लेख करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 1956 से 2002-03 तक मध्यप्रदेश में केवल पांच मेडिकल कॉलेज थे। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के समय प्रदेश को एक और मेडिकल कॉलेज मिला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं और मेडिकल सीटों की संख्या करीब 680 से बढ़कर 7,000 से अधिक हो गई है।


प्रति व्यक्ति आय और बिजली उत्पादन में वृद्धि का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2002-03 के आसपास मध्यप्रदेश की प्रति व्यक्ति आय लगभग 11 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.59 लाख रुपये हो गई है। इसी तरह बिजली उत्पादन क्षमता करीब 5,000 मेगावाट से बढ़कर लगभग 32,000 मेगावाट हो गई है।


रोजगार पर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

रोजगार के मुद्दे पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सबसे कम होने का आंकड़ा सामने आया है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में करीब 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है, जिनमें लगभग 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देकर पुलिस सेवा से जोड़ा जा चुका है। स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार भर्तियों और 7 हजार प्राध्यापकों की भर्ती का भी उन्होंने उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एक लाख से अधिक पदों पर प्रमोशन किए हैं और हर वर्ष एक लाख पदों के सृजन की दिशा में आगे बढ़ रही है।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें