
भोपाल। दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके ने पूरे देश को दहला दिया है। इस घटना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है। सोशल मीडिया साइट एक्स (Twitter) पर उन्होंने लिखा, “दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट में नागरिकों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। बाबा महाकाल से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
महाकाल मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली धमाके के बाद मध्य प्रदेश पुलिस अलर्ट मोड पर है। धार्मिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उज्जैन के महाकाल मंदिर में जांच और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। मंदिर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। पूरे शहर में पुलिस की चेकिंग ड्राइव चल रही है, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
भोपाल-इंदौर में भी सख्त सुरक्षा
डीजी इंटेलीजेंस ने सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मॉल्स में सर्चिंग और तलाशी अभियान तेज कर दिए गए हैं। कारों और बैग्स की चेकिंग के साथ-साथ डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर एक्स-रे मशीनों और अन्य तकनीकी उपकरणों से यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए ग्राउंड फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
दो संदिग्ध पहले ही पकड़े गए थे
दिल्ली धमाके से पहले मध्य प्रदेश से दो संदिग्ध युवक गिरफ्तार किए गए थे। 8 सितंबर को राजगढ़ जिले के ब्यावरा से कामरान, जबकि 18 अक्टूबर को भोपाल से आदनान को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा था। सूत्रों के मुताबिक, दोनों युवक दिल्ली में धमाका करने की तैयारी में थे, और आदनान के ISIS से संपर्क होने की बात भी सामने आई थी।
हाई अलर्ट पर प्रदेश
राज्यभर में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि “सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।” सभी जिलों में इंटेलिजेंस इनपुट्स की निगरानी बढ़ा दी गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

