
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 23 नवंबर को विदिशा जिले के गंजबासौदा दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विकास की सौगातों की झड़ी लगा दी। करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए सीएम ने क्षेत्र की जनता के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। युवाओं के रोजगार से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी सुविधाओं तक विकास के नए द्वार खोलने का भरोसा दिया।
150 बेड के सिविल अस्पताल का लोकार्पण
सीएम मोहन यादव ने 32.42 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 150 बेड वाले सिविल अस्पताल का लोकार्पण किया। इस अस्पताल का नाम बाबा जगन्नाथ दास के नाम पर रखने की घोषणा भी की गई। इसके अलावा 64.29 करोड़ की लागत के 26 विकास कार्यों का लोकार्पण और 85.84 करोड़ रुपए के 28 कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
सीएम ने कहा— “जनसंघ के जमाने से विदिशा हमारे लिए विशेष महत्व रखता है। जिले के समग्र विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे…”
सीएम की बड़ी घोषणाएं – गंजबासौदा और ग्यारसपुर को मिली सौगात
कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने कई नई घोषणाएं कीं, जिनमें क्षेत्र के विकास और युवाओं की प्रगति को प्राथमिकता दी गई। प्रमुख घोषणाएं इस प्रकार रहीं—
➡️ गंजबासौदा के युवाओं को उद्योगपतियों के माध्यम से रोजगार दिलाया जाएगा
➡️ त्यौंदा में कॉलेज बनाया जाएगा
➡️ ग्यारसपुर को नगर पंचायत बनाया जाएगा
➡️ गंजबासौदा नगर पालिका की सीमा बढ़ाई जाएगी
➡️ गंजबासौदा में नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज खोला जाएगा
➡️ बाबा जगन्नाथ दास के नाम पर अस्पताल का नाम होगा
➡️ धर्मकांटा से बैतोली फाटक तक सड़क निर्माण कराने की घोषणा
बड़े नेताओं की मौजूदगी ने बढ़ाया कार्यक्रम का महत्व
इस भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि वे सिर्फ घोषणाएं नहीं करेंगे, बल्कि इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करके दिखाएंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

